जमाबंदी व जल निकासी के मुद्दे पर बिफरे किसान
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 03 Feb 2026 10:35 PM
जमाबंदी व जल निकासी के मुद्दे पर बिफरे किसान
बड़हिया. नगर के लोहिया चौक के समीप मंगलवार को प्रगतिशील किसान मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में क्षेत्र के किसानों ने अपनी ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की व राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया. बैठक की अध्यक्षता किसान रामस्वार्थ सिंह ने की, जबकि मंच संचालन भोली सिंह द्वारा किया गया.
जमाबंदी नहीं तो सड़क के लिए नहीं देंगे जमीन
बैठक के दौरान किसानों ने दोटूक शब्दों में कहा कि जब तक उनके पूर्वजों की जमाबंदी उनके वारिसों के नाम पर दर्ज नहीं की जाती, तब तक वे नवनिर्मित सड़कों के लिए अपनी जमीन नहीं देंगे. किसानों का आरोप है कि राजस्व कर्मचारियों के पास रजिस्टर उपलब्ध होने के बावजूद रजिस्टर-टू न होने का बहाना बनाकर उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है. कई ऐसे भूखंड हैं जिनकी रसीद निर्गत नहीं की जा रही है, जबकि वे पूर्व के सर्वे में स्पष्ट रूप से दर्ज थे.
अंडरपास व जल निकासी की मांग
क्षेत्र की भौगोलिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसानों ने कहा कि बड़हिया, मोकामा व पंडारक के मुख्य पथों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति नारकीय बनी हुई है. किसानों ने मांग की है कि नहरा, टुबटटिया, जलालपुर और हेमजा के समीप अंडरपास या प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाये ताकि जल निकासी का स्थायी समाधान हो सके.
अधिग्रहण नियमों के उल्लंघन पर चेतावनी
बैठक में यह मुद्दा भी जोर-शोर से उठा कि अधिग्रहित भूमि पर कानून को ताक पर रखकर खंभे गाड़े जा रहे हैं. किसानों ने चेतावनी दी कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया व राजस्व व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो यह भविष्य में एक बड़े विवाद व उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है. मौके पर मुख्य रूप से किसान शिवबालक सिंह, गणेश सिंह, संजीव कुमार, ज्ञान गौरव कुमार, मनोरंजन कुमार, शंकर महतो, निरंजन सिंह, राजीव कुमार सिंह, राजेश कुमार, राम शोभा सिंह, प्रहलाद कुमार, अनिल कुमार सिंह, रमेश प्रसाद सिंह, राम शंकर सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










