लखीसराय : जोकमैला में तोड़ी शराब की भट्ठी

Published at :18 Mar 2017 9:12 AM (IST)
विज्ञापन
लखीसराय : जोकमैला में तोड़ी शराब की भट्ठी

लखीसराय : टाउन थाना क्षेत्र सह नगर परिषद लखीसराय के वार्ड संख्या 18 स्थित जोकमैला गांव में शुक्रवार की सुबह महिलाओं ने अपने हाथों में झाड़ू-डंडा लेकर शराब बनाने व बेचने का कारोबार करनेवालों के खिलाफ अभियान चलाया़ इस दौरान महिलाओं ने गांव में चोरी छिपे महुआ चुलाई शराब बनानेवालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए […]

विज्ञापन
लखीसराय : टाउन थाना क्षेत्र सह नगर परिषद लखीसराय के वार्ड संख्या 18 स्थित जोकमैला गांव में शुक्रवार की सुबह महिलाओं ने अपने हाथों में झाड़ू-डंडा लेकर शराब बनाने व बेचने का कारोबार करनेवालों के खिलाफ अभियान चलाया़ इस दौरान महिलाओं ने गांव में चोरी छिपे महुआ चुलाई शराब बनानेवालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी शराब की भट्ठी को तोड़ दी़
महिलाओं के हुजूम को आता देख शराब बनानेवालों ने भागने में अपनी भलाई समझी़ शराब की भट्ठी तोड़ने के साथ ही महिलाओं ने गांव का भ्रमण कर लोगों को नशा से दूर रहने की बात कही.
वहीं शराब बेचनेवालों को चेतावनी दी कि अगर गांव में शराब बेचने की सूचना मिली और शराब बनाते या बेचते कोई पकड़ा गया, तो उसकी खैर नहीं है़ महिलाओं का नेतृत्व कर रही गांव की फुलवा देवी ने कहा कि गांव में शराब बनाता और बेचता कोई है और पुलिस उसे पकड़ने के बजाय निर्दोष को ही पकड़ कर ले जाती है़ इसके साथ ही ऐसे लोगों की वजह से गांव भी बदनाम होता है और गांव के युवाओं पर बुरा असर भी पड़ रहा है़
महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी कर एक बहुत ही नेक काम किया है़ इससे समाज में फैलनेवाली अराजकता में काफी कमी आयी है़ महिलाओं ने कहा कि उनलोगों ने प्रण किया है गांव में शराब बनाने व बेचनेवालों को अपने मंसूबे में कभी सफल होने नहीं देंगे.
हुजूम में शामिल एक महिला ने बताया कि गुरुवार की शाम भी उन लोगों ने शराब की भट्ठी तोड़ी थी. इसके बाद रात में उनलोगों के खेत की फसल को आग भी लगा दी गयी. उनलोगों को अंदेशा है कि जिनकी शराब भट्ठी तोड़ी गयी है, उसने बदला लेने की नियत से ऐसा किया. बताया गया कि ऐसे लोग हमलोगों को अपने निश्चय से डिगा नहीं पायेंगे़ गांव की महिलाओं ने जब शराब को गांव से बाहर रखने का दृढ़ निश्चय कर लिया है, तो इसे हर हाल में पूरा करके दिखायेंगे. मौके पर गांव की नीरा देवी, लालपरी देवी, कुंती देवी, मंगली देवी, झूना देवी, रीना देवी, अंजू देवी सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन