टेढ़ागाछ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण को ले प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न

Published at :24 Apr 2026 8:29 PM (IST)
विज्ञापन
टेढ़ागाछ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण को ले प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न

सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय टेढ़ागाछ में शुक्रवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचिकरण’ के सफल संचालन को लेकर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण में कुल 292 प्रगणकों एवं 47 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना था. बीडीओ अजय कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है. उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने मकान सूचिकरण के दौरान प्रत्येक घर की सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज करने पर विशेष जोर दिया. सहायक चार्ज पदाधिकारी जनगणना आदिल अनवर ने प्रशिक्षण सत्र में तकनीकी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मकान सूचिकरण के दौरान प्रत्येक भवन की स्थिति, उपयोग, स्वामित्व एवं अन्य आवश्यक विवरणों को निर्धारित प्रपत्र में सही तरीके से दर्ज करना अनिवार्य है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि भविष्य में आंकड़ों की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है.प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित कर्मियों को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार फील्ड में जाकर सही तरीके से डेटा संग्रह किया जाए. इस अवसर पर अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की निगरानी की और प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आगामी कार्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन