पूर्व मंत्री के गांव की सड़क पर संकट, कभी भी टूट सकता है जर्जर कलवर्ट
क्षतिग्रस्त कलवर्ट और टूटी सड़क, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ी
Damaged Culvert Thakurganj: ठाकुरगंज के दुराघाटी गांव को जोड़ने वाला कलवर्ट और सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग की है.
पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट:
Damaged Culvert Thakurganj: मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत निर्मित सड़क और कलवर्ट की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ठाकुरगंज प्रखंड की तातपौवा ग्राम पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप मुख्य ग्रामीण पथ पर बना कलवर्ट और उससे जुड़ी पीसीसी सड़क के दोनों किनारे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कलवर्ट कभी भी ध्वस्त हो सकता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा.

मुख्य बिन्दु:
पूर्व मंत्री के गांव को जोड़ता है यह मार्ग
यह कलवर्ट गंभीरगढ़ चौक स्थित एनएच-327ई के उत्तरी हिस्से से पूर्व मंत्री नौशाद आलम के पैतृक गांव दुराघाटी को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर स्थित है. वर्ष 2020 में तत्कालीन विधायक नौशाद आलम द्वारा इसका शिलान्यास किया गया था. निर्माण के बाद यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए हाईवे तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग बन गई.
सड़क के दोनों किनारे टूटने लगे
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कलवर्ट के दोनों ओर सड़क का हिस्सा धीरे-धीरे धंसने और टूटने लगा है. लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है. यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं.
विभाग पर उदासीनता का आरोप
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.
अविलंब मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द कलवर्ट और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है और किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
ALSO READ: सीमांचल में मक्का बना किसानों का ‘गोल्डन क्रॉप’, बढ़ी आमदनी और कारोबार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










