एक किलोमीटर लंबा सड़क का नहीं हुआ पक्कीकरण
Author Amit kumar sinh
Updated:
विज्ञापन

पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पेट्रोल पंप नया बस्ती से खानका तक जाने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है
विज्ञापन
पोठिया
पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पेट्रोल पंप नया बस्ती से खानका तक जाने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है. सड़क की बदहाली से हजारों राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से कच्ची है और अब तक इसका पक्कीकरण नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के बीचों-बीच बना कलवर्ट पूरी तरह जर्जर हो चुका है और बीच से टूट भी गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. बारिश के दिनों में टूटे हुए हिस्से में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है. राहगीरों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है. बताया जाता है कि सड़क के मुख्य भाग से गांव तक करीब 400 मीटर तक तीन वर्ष पूर्व छत्तरगाछ समिति के तौकीर अंसारी द्वारा पेवर ब्लॉक लगाया गया था, लेकिन उसके आगे का मार्ग अब भी बदहाल है. खानका के युवा मंज़र आलम ने बताया कि इस सड़क से अठ्याबाड़ी, खानका, नन्हाकुड़ी, सातमेरी, दीघली और सिंघिमारी समेत कई गांवों के लोग पेट्रोल भरवाने तथा जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए गुजरते हैं. यह मार्ग किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क को जोड़ता है, लेकिन सड़क कीचड़ में तब्दील होने और कलवर्ट टूट जाने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार हर वर्ष मिट्टीकरण कराया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों में मिट्टी धूल बनकर उड़ जाती है और बरसात में सड़क दलदल बन जाती है. दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है. कई बार ई-रिक्शा पलटने से लोग चोटिल भी हुए हैं, जबकि एंबुलेंस चालक भी इस मार्ग पर आने से कतराते हैं. मक्का सीजन में किसान इसी रास्ते से फसल लेकर गुजरते हैं. हाल ही में मक्का लदा एक ट्रैक्टर सड़क में फंस गया, जिसे दूसरे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया. ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत कराया है. इस पर पंचायत के मुखिया अबुल कासिम ने बताया कि सड़क निर्माण को पंचायत योजना में शामिल किया गया है और राशि स्वीकृत होने का इंतजार है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










