चारदीवारी टूटी, सड़क किनारे स्कूल में बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे

Updated:
विज्ञापन
उत्क्रमित मध्य विद्यालय खर्रा बेलवाड़ी की टूटी चारदीवारी बनी खतरा, अभिभावकों ने जल्द निर्माण की उठाई मांग

स्कूल की टूटी चाहरदीवारी

किशनगंज के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खर्रा बेलवाड़ी की चारदीवारी ढह जाने से छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है. मुख्य सड़क के पास स्कूल होने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है, जिससे अभिभावक चिंतित हैं.

विज्ञापन

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड की मटियारी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खर्रा बेलवाड़ी की चारदीवारी ध्वस्त होने से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है. विद्यालय के समीप हजारी चौक झाला से निसंद्रा तक जाने वाली लगभग 29 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क गुजरती है, जहां दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है. ऐसे में बच्चों के सड़क की ओर चले जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.

खुले परिसर से बढ़ी हादसे की आशंका

स्थानीय लोगों ने बताया कि चारदीवारी नहीं रहने के कारण छोटे बच्चे खेलते-खेलते विद्यालय परिसर से बाहर निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंच जाते हैं. तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण बेहद जरूरी है.

ग्रामीणों ने की अविलंब निर्माण की मांग

स्थानीय अभिभावक संत लाल सिंह, शंभू प्रसाद सिंह, गुलाब चंद्र सिंह, निखिल चंद्र दास, अजब लाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.

सुरक्षित परिसर से मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है. चारदीवारी बनने से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, विद्यालय परिसर व्यवस्थित रहेगा और अभिभावकों की चिंता भी दूर होगी. साथ ही बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.


विज्ञापन
गौरव कुमार

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन