किशनगंज में 9000 सिलिंडर उपलब्ध, पैनिक होने की जरूरत नहीं : डीएम

किशनगंज में 9000 सिलिंडर उपलब्ध, पैनिक होने की जरूरत नहीं : डीएम
25 दिनों के अंतराल पर ही होगी अगली बुकिंग, दो से तीन दिनों में घर पहुंचेगा सिलेंडर
कालाबाजारी रोकने के लिए ”विशेष धावा दल” गठित, जिले के 33 डिस्ट्रीब्यूटरों पर रखी जा रही नजर
किशनगंज. जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैली अफवाहों व उपभोक्ताओं की बढ़ती भीड़ के बीच जिला पदाधिकारी विशाल राज ने स्थिति स्पष्ट कर दी है. जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू है. वर्तमान में जिले के पास लगभग 9000 गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिससे उपभोक्ताओं की जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सकता है.
वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नए नियम
उपभोक्ताओं की सुविधा व स्टॉक के सही प्रबंधन के लिए सरकार ने बुकिंग को लेकर एक अनिवार्य व्यवस्था लागू की है. अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग कर सकेगा. बुकिंग दर्ज होने के महज दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. जिले के कुल स्टॉक में 98 प्रतिशत घरेलू गैस है, जिससे आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.
33 डिस्ट्रीब्यूटरों के माध्यम से निर्बाध आपूर्ति
जिलाधिकारी ने बताया कि किशनगंज में कुल 33 गैस डिस्ट्रीब्यूटर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. आइओसीएल में 15 डिस्ट्रीब्यूटर, एचपीसीएल में 09 डिस्ट्रीब्यूटर, बीपीसीएल में 09 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग इस पूरी वितरण प्रक्रिया की पल-पल की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी क्षेत्र में आपूर्ति प्रभावित न हो.
कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं
गैस की किल्लत की अफवाह का फायदा उठाकर अवैध वसूली या कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीएम ने बताया कि इसके लिए एक ”विशेष धावा दल” का गठन किया गया है. यह टीम जिले के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर औचक निरीक्षण करेगी और गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर या व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी बुकिंग कराएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




