परबत्ता में घर में काम कर रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों में काेहराम

अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती महिला. | Prabhat Khabar Network
Parbatta Snake Bite : परबत्ता प्रखंड के नोनियाचक मथुरापुर गांव में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया है. ग्रामीणों ने समय पर अस्पताल पहुंचने की अपील की है.
Parbatta Snake Bite : परबत्ता प्रखंड के खजरैठा पंचायत अंतर्गत नोनियाचक मथुरापुर गांव में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान बम-बम मंडल की पत्नी बबीता देवी (38) के रूप में हुई है. इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घरेलू काम के दौरान सांप ने डंसा
परिजनों के अनुसार बबीता देवी घर में घरेलू कार्य कर रही थीं. इसी दौरान एक विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया. घटना के बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल इलाज के लिए परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
झाड़-फूंक में समय गंवाने की चर्चा
घटना के बाद गांव में चर्चा है कि सर्पदंश के बाद अस्पताल ले जाने से पहले कुछ समय झाड़-फूंक में भी व्यतीत हुआ. हालांकि इस संबंध में किसी अधिकारी या अस्पताल की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
मुखिया ने जताया शोक, मुआवजे का दिलाया भरोसा
खजरैठा पंचायत की मुखिया अनुपमा कुमारी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचने की दी सलाह
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय बिना समय गंवाए तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर इलाज से मरीज की जान बचाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पलटू झा
पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










