गुजरात से लौटे युवक का रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, परिजनों ने पत्नी व ससुरालवालों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के घर शोकाकुल परिजन | Prabhat Khabar Network
Railway Track Body : खगड़िया जिले में रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक के परिजनों ने पत्नी, सास और ससुर पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. यह मामला प्रेम विवाह के बाद उपजे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.
Railway Track Body : खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के बड़ी मलिया गांव निवासी 31 वर्षीय अर्पण कुमार का शव पसराहा में रेलवे ट्रैक किनारे मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक के परिजनों ने पत्नी, सास-ससुर पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.
रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव
गोगरी थाना क्षेत्र के बड़ी मलिया गांव निवासी सुनील चौरसिया के 31 वर्षीय पुत्र अर्पण कुमार का शव पसराहा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला. शव की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड और ट्रेन टिकट के आधार पर हुई. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां गुलो देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू और उसके पिता ने साजिश के तहत अर्पण कुमार को बुलाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जनवरी में हुआ था प्रेम विवाह
परिजनों के अनुसार अर्पण कुमार ने 24 जनवरी 2026 को गोगरी थाना क्षेत्र के दुखाटोला गांव की युवती से प्रेम प्रसंग के बाद अंतरजातीय विवाह किया था. दोनों गुजरात के गांधीधाम में रह रहे थे. परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद भी युवती का किसी अन्य युवक से संपर्क था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था.
विवाद के बाद मायके चली गई थी पत्नी
परिजनों का कहना है कि वैवाहिक विवाद के बाद 20 जून को पत्नी अकेले मायके लौट आई थी. इसके बाद उसने लगातार फोन कर अर्पण कुमार को बुलाया. 11 जुलाई को अर्पण गुजरात से रवाना हुआ और अपने पैतृक गांव जाने के बजाय सीधे ससुराल पहुंच गया.
16 जुलाई को आया था विवाद का फोन
मृतक की मां ने बताया कि 16 जुलाई को अर्पण के ससुर रुदल शर्मा ने फोन कर कहा था कि आपका बेटा घर में झगड़ा कर रहा है, इसलिए उसे बांधकर कमरे में रखा गया है. इसके बाद परिजन लगातार अर्पण के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसका फोन बंद मिला.
18 जुलाई को मिला शव, पुलिस से न्याय की मांग
18 जुलाई को पितौझिया ढाला के पास रेलवे ट्रैक किनारे अर्पण का शव मिलने की सूचना मिली. इसके बाद परिजनों ने पसराहा थाना में आवेदन देकर पत्नी, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










