बारिश से मौसम हुआ सुहाना, जलजमाव और कीचड़ ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी

Updated:
विज्ञापन
बारिश में बच्चों के साथ जातीं महिलाओं की सांकेतिक तस्वीर.

बारिश में बच्चों के साथ जातीं महिलाओं की सांकेतिक तस्वीर.

Gogri Weathe : गोगरी अनुमंडल और खगड़िया जिले में हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, लेकिन शहर और कस्बों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. किसानों को जहां उम्मीद जगी है, वहीं सड़कों पर कीचड़ और पानी ने आवागमन बाधित किया है.

विज्ञापन

Gogri Weathe : गोगरी अनुमंडल सहित खगड़िया जिले में शनिवार रात और रविवार सुबह हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया. जहां किसानों को बारिश से उम्मीद जगी है, वहीं शहर और कस्बों में जलजमाव तथा कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. प्रमुख सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक आवागमन प्रभावित रहा.

हल्की बारिश से मौसम में आई राहत

गोगरी अनुमंडल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी होती रही. इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में बारिश की संभावना बनी रही.

धान किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार

किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से खेतों में नमी तो बढ़ी है, लेकिन धान की रोपनी और बिचड़े के बेहतर विकास के लिए अभी और बारिश की जरूरत है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यदि आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा होती है तो खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा और उत्पादन की संभावना भी बढ़ेगी.

हल्की बारिश में ही शहर बना तालाब

बारिश के बाद जिला मुख्यालय और गोगरी नगर परिषद क्षेत्र के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई. प्रमुख सड़कों के अलावा गली-मोहल्लों में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हुई. गोगरी बाजार, जमालपुर बाजार समेत कई वार्डों में सड़कें पानी और कीचड़ से पट गईं.

जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है. नगर परिषद की ओर से कई स्थानों पर नालों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा. उनका कहना है कि स्थायी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किए बिना केवल नाला निर्माण से समस्या का समाधान संभव नहीं है.

स्थायी समाधान की उठी मांग

शहरवासियों ने नगर परिषद से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में होने वाली तेज बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या और गंभीर हो सकती है.


विज्ञापन
धीरज सिंह

लेखक के बारे में

By धीरज सिंह

धीरज सिंह प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन