रातभर बिजली गुल, गर्मी में लोगों ने काटी जागकर रात

पोल पर चढ़ बिजली ठीक करता युवक
Khagaria news: लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं में बिजली विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.
Khagaria news: गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा रिपोर्ट:
गोगरी प्रखंड में भीषण गर्मी के बीच बुधवार रात लंबी बिजली कटौती से लोग पूरी रात परेशान रहे. रात करीब 12 बजे गुल हुई बिजली गुरुवार सुबह करीब 8 बजे के बाद बहाल हो सकी. उमस भरी गर्मी में लोग हाथ से पंखा झलते हुए रात बिताने को मजबूर रहे.
लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं में बिजली विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.
ठनका गिरने से ब्लास्ट हुआ इंसुलेटर
बिजली विभाग के जेई ने बताया कि देर रात ठनका गिरने के कारण बीरबास सुपर ग्रिड से लेकर झंझरा एवं शिरनियां पावर सब स्टेशन तक पांच इंसुलेटर ब्लास्ट कर गए थे. पेट्रोलिंग एवं मरम्मत कार्य के बाद गुरुवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल की गई.
गर्मी और बिजली संकट से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से रात के समय लगातार बिजली कटौती हो रही है. भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है. बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या एवं घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं.
ग्रामीण एवं शहरी फीडर के उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती की पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती है. लोगों का कहना है कि समय पर बिजली बिल भुगतान करने के बावजूद उन्हें नियमित बिजली नहीं मिल रही है.
अधिकारियों के खिलाफ बढ़ा आक्रोश
बिजली संकट के साथ-साथ पेयजल की समस्या ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताते हुए अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










