खगड़िया-चातर पथ पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Updated:
विज्ञापन
फोटो-11कैप्सन-शव के समीप विलाप करते परिजन.  | Prabhat Khabar Network

फोटो- शव के समीप विलाप करते परिजन. | Prabhat Khabar Network

खगड़िया-चातर पथ पर एक भयानक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, जिसने परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है।

विज्ञापन

Road Accident: खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत खगड़िया-चातर पथ पर रविवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायलों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया. इलाज के दौरान मो. समद आलम और राजा सदा ने दम तोड़ दिया, जबकि मो. एहसान का इलाज बेगूसराय में जारी है.

आमने-सामने की टक्कर में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रौन पंचायत निवासी मो. आरिफ के 22 वर्षीय पुत्र मो. समद आलम अपने बड़े भाई मो. एहसान के साथ बाइक से खगड़िया बाजार जा रहे थे. वहीं तिलक नगर मुसहरी गांव निवासी 30 वर्षीय राजा सदा खगड़िया से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान दोनों बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद तीनों सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े रहे. राहगीरों ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया.

इलाज के दौरान दो युवकों की मौत

सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया. वहां पहुंचने के बाद मो. समद आलम और राजा सदा की मौत हो गई. जबकि मो. एहसान का इलाज जारी है. पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया

परिजनों ने बताया कि मो. समद आलम नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. वह राजस्थान में रहकर पढ़ाई कर रहा था और करीब 20 दिन पहले घर लौटा था. इस वर्ष नीट परीक्षा भी दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद अगले वर्ष बेहतर तैयारी का संकल्प लिया था. उसके पिता रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाकर बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देख रहे थे, जो इस हादसे के साथ हमेशा के लिए अधूरा रह गया.

राजा सदा था परिवार का इकलौता कमाने वाला

मृतक राजा सदा मजदूरी के लिए दूसरे प्रदेश में काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था. उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल में पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बाइक में से एक तेज रफ्तार में थी. पुलिस का भी प्रारंभिक अनुमान है कि अत्यधिक गति के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी.

पुलिस जांच में जुटी

Road Accident: अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक जब्त कर ली गई हैं और मामले की जांच की जा रही है.


विज्ञापन
राजकिशोर सिंह

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन