खगड़िया में कचरे में मिला महात्मा गांधी की तस्वीर वाला झंडा, जन सुराज पर गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

जन सुराज के झंडे कचरे में मिलने के बाद विवाद
Khagaria News: खगड़िया में महात्मा गांधी की तस्वीर वाले जन सुराज के झंडे कचरे में मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया. लोजपा जिलाध्यक्ष ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट
Khagaria News: खगड़िया शहर में महात्मा गांधी की तस्वीर वाले झंडे कचरे में मिलने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है. शहर के जेएनकेटी विद्यालय मैदान के समीप कथित तौर पर जन सुराज पार्टी के झंडे फेंके मिलने का मामला सामने आया है. इसको लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं जन सुराज के जिला नेतृत्व ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार करते हुए ऐसे कृत्य को निंदनीय बताया है.
क्या है पूरा मामला
लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह का आरोप है कि जेएनकेटी विद्यालय मैदान के पास उस स्थान पर, जहां लोग मलमूत्र त्याग करते हैं, बड़ी संख्या में ऐसे झंडे पड़े मिले जिन पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर और जन सुराज पार्टी का नाम छपा हुआ था.

उन्होंने कहा कि इस दृश्य से स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह राष्ट्रपिता का अपमान है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
शिकायत में किन पर कार्रवाई की मांग
नगर थाना में दिए गए आवेदन में लोजपा जिलाध्यक्ष ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और खगड़िया जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह निषाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है.
हालांकि यह मांग शिकायतकर्ता की ओर से की गई है. आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी.
दिव्या हत्याकांड में नया मोड़, वायरल वीडियो में छात्रा ने पहले ही जताई थी जान का खतरा.
जन सुराज जिलाध्यक्ष ने क्या कहा
जन सुराज के जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह निषाद ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने बताया कि वह लगभग एक महीने पहले ही जिलाध्यक्ष बने हैं. उनका कहना है कि यदि किसी ने पार्टी का झंडा इस तरह फेंका है तो यह निंदनीय है और इसकी भी जांच होनी चाहिए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
Khagaria News: पुलिस ने जांच शुरू की
नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है. जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल इस मामले में किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा.
यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. एक ओर शिकायतकर्ता इसे राष्ट्रपिता के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं, दूसरी ओर जन सुराज नेतृत्व भी घटना की जांच की बात कह रहा है. ऐसे में अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन दो जिलों के बीच का सफर होगा आसान, 82 करोड़ होंगे खर्च, बनेगा नया बाईपास
अब 2500 स्कूटी सवार महिला सिपाही रखेंगी मनचलों पर नजर, सरकार ने जारी की गाइडलाइन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










