ePaper

सीएम के आगमन की तैयारी को ले डीएम व विधायक ने विकास कार्यों का लिया जायजा

Updated at : 09 Mar 2026 7:43 PM (IST)
विज्ञापन
सीएम के आगमन की तैयारी को ले डीएम व विधायक ने विकास कार्यों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की तैयारी को लेकर सोमवार को डीएम व सदर विधायक ने विकास कार्यों का जायजा लिया.

विज्ञापन

खगड़िया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की तैयारी को लेकर सोमवार को डीएम व सदर विधायक ने विकास कार्यों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 13 मार्च को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के तहत दौरे को लेकर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों को तेज कर दिया है. इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 328 करोड़ रुपये की 301 विकास योजनाओं का शिलान्यास किए जाने की संभावना है. इसी को लेकर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने जिलाधिकारी नवीन कुमार व सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार के साथ शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान सदर विधायक और अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले नगर सुरक्षा तटबंध निर्माण कार्य का अवलोकन किया. यह तटबंध बलुवाही से सूर्य मंदिर होते हुए बखरी बस स्टैंड तक बनाया जा रहा है. यह परियोजना शहर को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है. साथ ही बाइपास शहर को भारी वाहनों के दबाव से भी राहत दिलाने में सहायक होगा. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस तटबंध में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए तीन स्लुइश गेट भी बनाए जा रहे हैं. इससे बरसात के दौरान शहर में पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी. सदर विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली. अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नगर सुरक्षा तटबंध शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके पूरा होने से शहर को जलजमाव के साथ-साथ जाम की समस्या से भी बड़ी राहत मिलेगी. निरीक्षण के दौरान गंडक नदी पर बन रहे पुल का भी जायजा लिया. अधिकारियों से इसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने शहर के स्टेशन रोड का भी निरीक्षण किया. स्टेशन रोड लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और इसके पुनर्निर्माण की मांग वर्षों से स्थानीय लोगों द्वारा उठाई जा रही थी. विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की सरकार ने जनता की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दी. अब इसे तेज गति से पूरा कराया जा रहा है.

सदर विधायक ने डीएम व अधिकारियों के साथ की बैठक

निरीक्षण के बाद सदर विधायक ने जिलाधिकारी के साथ बैठक की. बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की. कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का खगड़िया दौरा जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा. उनके आगमन से चल रही परियोजनाओं को और गति मिलेगी तथा प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खगड़िया में विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी. विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विकास कार्यों को लेकर हमेशा गंभीर रहे हैं और उनकी प्राथमिकता रही है कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और संभावना है कि खगड़िया आगमन के दौरान भी वे शहर की इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का मुआयना कर सकते हैं.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन