अवर प्रवर्तन पदाधिकारी समेत पांच की मौत

Published at :13 May 2015 9:40 AM (IST)
विज्ञापन
अवर प्रवर्तन पदाधिकारी समेत पांच की मौत

खगड़िया: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे नन्हकू मंडल टोला के पास जीप व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में अवर प्रवर्तन पदाधिकारी समेत पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद […]

विज्ञापन
खगड़िया: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे नन्हकू मंडल टोला के पास जीप व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में अवर प्रवर्तन पदाधिकारी समेत पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया. इलाज के लिए ले जाने के दौरान एक अन्य जवान की मौत हो गयी.
ओवरलोड ट्रकों की जांच को निकले थे : बेगूसराय जिले में पदस्थापित परिवहन विभाग के अवर प्रवर्तन पदाधिकारी धीरज कुमार अपने अधीनस्थों के साथ सुबह ओवरलोड ट्रकों की जांच करने निकले थे. श्री कुमार खगड़िया जिले के भी प्रभार में थे. एक ओवरलोड ट्रक को जाते देख वह अपने वाहन से ओवरटेक कर उसे रोकने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान बेगूसराय की ओर से आ रहे दूसरे ट्रक से उनकी जीप की आमने-सामने की टक्कर हो गयी. इस भीषण दुर्घटना में अवर प्रवर्तन पदाधिकारी धीरज कुमार, होमगार्ड का जवान राम सोगारथ साह, सहायक चालक कमलेश यादव व पप्पू महतो की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
सदर अस्पताल में लगी भीड़
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुनील सहनी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया. गंभीर रूप से घायल होमगार्ड के जवान बेगूसराय नावकोठी निवासी नंद किशोर सिंह, साहेबपुर कमाल निवासी सुशील सिंह तथा प्राइवेट ड्राइवर पअना निवासी जितेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया. जिनमें से साहेबपुर कमाल निवासी जवान की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गयी. उधर, घटना के बाद सदर अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. लाश को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
पटना के रहनेवाले थे अवर प्रवर्तन पदाधिकारी
हादसे में मरनेवालों में अवर प्रवर्तन पदाधिकारी धीरज कुमार, पिता स्व ज्ञानेश्वर प्रसाद, राजा बाजार, हवाई अड्डा, पटना, वाहन चालक पप्पू महतो, पिता पुनीत लाल महतो, तगहरी मुसहरी प्रखंड, जिला मुजफ्फरपुर, वाहन चालक कमलेश यादव, पिता रामसेवक यादव मुराडीह बनतरिया, थाना भोरे, जिला गोपालगंज, होमगार्ड जवान रामसोगारथ साह, मटिहानी, प्रखंड व थाना खोदावनपुर, जिला बेगूसराय, साहेबपुर कमाल निवासी होमगार्ड जवान सुशील सिंह शामिल थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन