कंबल की आस में टकटकी लगाये हैं गरीब

Updated at : 26 Nov 2017 5:05 AM (IST)
विज्ञापन
कंबल की आस में टकटकी लगाये हैं गरीब

कैसे कटेगी ठंड. नगर परिषद व नगर पंचायत के पास नहीं है कंबल वितरण की कोई योजना खगड़िया/गोगरी : शहरी गरीब लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर परिषद व नगर पंचायत के पास कोई योजना नहीं है. शहर में रहने वाले गरीब यूं ही आग के सहारे जीवन काट सकेंगे. भीषण ठंड आने […]

विज्ञापन

कैसे कटेगी ठंड. नगर परिषद व नगर पंचायत के पास नहीं है कंबल वितरण की कोई योजना

खगड़िया/गोगरी : शहरी गरीब लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर परिषद व नगर पंचायत के पास कोई योजना नहीं है. शहर में रहने वाले गरीब यूं ही आग के सहारे जीवन काट सकेंगे. भीषण ठंड आने पर शहरी गरीब लोगों के लिए नगर परिषद व नगर पंचायत द्वारा अलाव की व्यवस्था की जाती है. लेकिन अब तक अलाव के लिए भी कोई नीति नहीं बनायी गयी है. नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही हाड़ मांस को कंपाने वाली ठंड प्रारंभ हो चुकी है.
लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक गरीब-गुरबों के लिए कंबल की कोई व्यवस्था नहीं किया गया है. नगर परिषद के उपाध्यक्ष सुनील पटेल ने बताया कि नगर परिषद द्वारा विशेष बैठक बुलाकर अलाव की व्यवस्था के लिए स्वीकृति दी जाती है. उन्होंने बताया कि बीते कई वर्षों से नगर परिषद द्वारा कंबल का वितरण नहीं किया गया है.
वहीं, वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने कहा कि विभाग से पत्र आने के बाद कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा वार्ड पार्षदों को जानकारी मिलने के बाद ही इसपर कोई निर्णय लिया जाएगा. वहीं, वार्ड पार्षद दीपक चंद्रवंशी ने बताया कि ठंड को देखते हुए बोर्ड की बैठक में मुद्दा उठाया जाएगा. यदि कार्यपालक पदाधिकारी से स्वीकृति नहीं मिली तो निजी कोष से गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया जाएगा. गरीबों को ठंड में किसी तरह की परेशानी होने नहीं दिया जायेगा.
कहते हैं कार्यपालक पदाधिकारी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि अब तक कंबल खरीद से संबंधित कोई योजना नहीं बनायी गयी है. उन्होंने बताया कि अलाव की व्यवस्था कर चौक चौराहा पर जलाया जाएगा. टेंडर निकालकर कंबल खरीदने की योजना बनायी जाएगी.
स्थानांतरण के बाद भी नहीं दे रहे चार्ज
गोगरी. नगर विकास विभाग द्वारा विगत 14 नवंबर को ही गोगरी के कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार का तबादला कर दिया गया था और डीसीएलआर मुस्तकीम आलम को कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दे दिया गया था. बावजूद इसके तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार ने अभी तक अपना प्रभार डीसीएलआर को नहीं सौंपा है. जिसके कारण नगर प्रशासन का कार्य बाधित हो रहा है. नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कला देवी ने बताया कि चार्ज नहीं देने से नगर का विकास कार्य अवरुद्ध हो रहा है. वहीं वार्ड पार्षदों ने जिलाधिकारी से मध्यस्ता कर अविलंब चार्ज दिलवाने का आग्रह किया है.
पिछले साल भी नहीं जला था अलाव
गोगरी. बीते कई वर्षों से जाड़े के मौसम में लगातार भीषण ठंड का प्रकोप जारी था. लेकिन ठंड की शुरुआत में गरीब-गुरबों के बीच ना तो कंबल का वितरण किया गया और ना ही अलाव की समुचित व्यवस्था ही की गयी थी. लोगों का मानना है कि शीतलहर शुरू होने के बाद प्रशासन सजग होती है. जब तक प्रशासन की ओर से कंबल आदि का वितरण होता है तब तक कई गरीबों की जान चली जाती है.
नहीं हुआ कंबल का वितरण
बीते वर्ष भी नगर प्रशासन द्वारा कंबल की खरीद की गयी थी. लेकिन कंबल का वितरण नहीं किया गया. नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि पिछले वर्ष कंबल की खरीद किया गया था. लेकिन विवाद के कारण वितरण नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि इसके लिए बहुत जल्द ही नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की जाएगी. बैठक में किस वार्ड में कितने लोगों के बीच कंबल का वितरण किया जाना है इस पर विचार किया जाएगा. वहीं, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मुमताज खातून ने बताया कि नगर के एक भी गरीब जिन्हें कंबल की जरूरत है कंबल से वंचित नहीं रहेंगे. वार्ड नंबर 13 के पार्षद सशक्त कमेटी के सदस्य मायाराम मंडल ने बताया कि ठंड शुरू होने से पूर्व भी गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया जाना चाहिए. वार्ड नंबर 18 के पार्षद भोला मंडल निषाद ने बताया कि कंबल वितरण का उचित समय नवंबर का अंतिम सप्ताह ही है. वार्ड नंबर 16 के पार्षद रतन मंडल ने बताया कि कंबल वितरण का उचित समय यही है बाद में कंबल वितरण होने से गरीबों को इसका कोई फायदा नहीं होता है.
कहते हैं नगर सभापति
नगर सभापति सीता कुमारी ने बताया कि जल्द ही सशक्त स्थायी समिति की बैठक में ठंड से निबटने के लिए योजना बनायी जाएगी. कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया जाएगा गरीब लोगों के बीच कंबल का वितरण करें. अभी से ही कंबल खरीदने के लिए तैयारी शुरू कर दें
कहते हैं नपं अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कला देवी ने बताया कि उनके कार्यकाल में कंबल की खरीद और वितरण नहीं की गयी थी. उनके कार्यकाल का यह पहला ठंड है और ठंड की शुरुआत में ही एक-दो दिनों के अंदर कंबल की खरीद कर वार्ड वार वितरण कर दिया जाएगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन