Katihar, तीन वर्षों से नाले का इंतजार, जलजमाव से वार्ड नंबर 8 की जनता बेहाल
Author Manish kumar
Updated:
विज्ञापन

तीन वर्षों से नाले का इंतजार, जलजमाव से वार्ड नंबर 8 की जनता बेहाल
विज्ञापन
कोढ़ा/कटिहार से अमीर सोहेल की रिपोर्ट,
कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 8 में बीते करीब तीन वर्षों से नाला निर्माण का मुद्दा लगातार लंबित है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को हर वर्ष बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि हल्की से मध्यम बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदहाल हो जाती है।स्थानीय निवासी रफीक ने बताया कि वार्ड के लोगों को पिछले तीन वर्षों से नाला निर्माण का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हर साल बरसात के मौसम से पहले मुख्य पार्षद द्वारा नाला निर्माण कराने की बात कही जाती है, लेकिन बारिश आते ही समस्या जस की तस बनी रहती है।बरसात के दौरान सड़क पर जमा पानी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को उठानी पड़ती है। बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कत होती है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं।इसके अलावा, जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से वातावरण भी दूषित हो जाता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।
वार्ड नंबर 8 के निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नाला निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि इस गंभीर समस्या से स्थायी समाधान मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पंचायत प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है और वार्ड नंबर 8 के लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत दिला पाता है। फिलहाल, स्थानीय जनता आश्वासन से आगे बढ़कर ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










