कोढ़ा नगर पंचायत पर उठे सवाल, बीमारियों के खतरे के बीच प्रशासन मौन

Published by :RAJKISHOR K
Published at :20 Apr 2026 9:07 PM (IST)
विज्ञापन
कोढ़ा नगर पंचायत पर उठे सवाल, बीमारियों के खतरे के बीच प्रशासन मौन

कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के कन्या उच्च विद्यालय के समीप डंप किए गए कचरे को जलाए जाने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गयी है.

विज्ञापन

कोढ़ा. कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के कन्या उच्च विद्यालय के समीप डंप किए गए कचरे को जलाए जाने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गयी है. इस स्थिति से विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आसपास के लोगों व दूर-दराज से बाजार आने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सुबह से लेकर दोपहर तक उठने वाला धुआं और बदबू वातावरण को जहरीला बना रहा है. जिससे लोगों का वहां रुकना तक मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा नियमित रूप से इस स्थान पर कचरा डंप किया जाता है. फिर उसे खुलेआम आग के हवाले कर दिया जाता है. कचरे के जलने से निकलने वाला काला धुआं सीधे विद्यालय परिसर तक पहुंचता है. जिससे छात्र-छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं. अभिभावकों में भी इसे लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है. स्थानीय बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्यालय के आसपास इस तरह कचरा जलाना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है. बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ भी है. उनका कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है. खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है. राहगीरों का भी कहना है कि बाजार आने-जाने के दौरान इस दुर्गंध और धुएं के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है. कई लोग तो मजबूरी में रास्ता बदलने को विवश हो जाते हैं. बावजूद इसके, नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कचरा डंपिंग के लिए विद्यालय से दूर सुरक्षित स्थान का चयन किया जाय. वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण किया जाय. साथ ही खुले में कचरा जलाने पर तत्काल रोक लगाई जाय. ताकि बच्चों और आमलोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके. अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक लोगों को इस समस्या से निजात मिल पाती है।

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन