मॉक ड्रिल: कटिहार शहरी क्षेत्र में शाम 7.00 से 7.10 बजे तक पावर ब्लैक आउट

Author Md. tazim
Updated:
विज्ञापन
मॉक ड्रिल: कटिहार शहरी क्षेत्र में शाम 7.00 से 7.10 बजे तक पावर ब्लैक आउट

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि बुधवार को देशभर कटिहार सहित 244 चिन्हित जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल करायी जायेगी.

विज्ञापन

नागरिक सुरक्षा को लेकर होगी मॉक ड्रिल: डीएम

कटिहार. पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि बुधवार को देशभर कटिहार सहित 244 चिन्हित जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल करायी जायेगी. इसका मकसद नागरिकों को संभावित युद्ध या आपदा जैसी स्थिति से निपटने के प्रति जागरूक करना है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशानिर्देश के आलोक में मॉक ड्रिल को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में मंगलवार को जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय पदाधिकारी के साथ एक आपात बैठक आयोजित की गयी तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से प्राप्त दिशा निर्देशों पर चर्चा किया गया. यह तय किया गया कि बुधवार की शाम 7:00 से लेकर 7:10 बजे तक पावर ब्लैकआउट रहेगा. सायरन बजते ही सभी जगह से पावर कट कर दिया जायेगा. डीएम ने विभिन्न विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मॉक ड्रिल को लेकर विचार विमर्श किया. साथ ही रेलवे, बीएसएनएल, पोस्ट ऑफिस सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रम के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डीएम ने मॉक ड्रिल को लेकर चर्चा की. बैठक के बाद डीएम ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा निर्देश के आलोक में बुधवार को मॉक ड्रिल कराया जायेगा. यह मॉक ड्रिल नागरिक सुरक्षा की दृष्टिकोण से कराया जायेगा. ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी नागरिक सजग व जागरूकता का परिचय देते हुए अपने को सुरक्षित रखें. उन्होंने कहा कि पावर मॉक ड्रिल जिला मुख्यालय यानी कटिहार शहरी क्षेत्र में होगा. एक सवाल के जवाब में डीएम ने कहा कि कटिहार रेलवे स्टेशन काफी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्टेशन है. यहां विशेष रूप से ध्यान रखा जायेगा. उन्होंने कहा कि यह मॉक ड्रिल है. इसलिए किसी को पैनिक होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी इस पूरे अभियान में पूरी तत्परता के साथ सहयोग कर रहे है. इसमें आम लोगों का भी सहयोग अपेक्षित है. उन्होंने कहा कि बुधवार की शाम 7:00 से 7:10 तक शहरी क्षेत्र के हर घर में लाइट ऑफ रहेगी. लाइट जलाने के लिए इनवर्टर एवं अन्य साधनों का उपयोग नहीं किया जायेगा. यहां तक की मोबाइल की लाइट को भी नहीं जलाना है. सायरन बजते ही जो जहां है. वहीं रहेंगे. वाहनों की लाइट भी 10 मिनट के लिए ऑफ रहेगी. एक सवाल के जवाब में डीएम ने कहा कि आपात स्थिति वाली जगह पर सभी कार्य का संचालन होगा. मसलन सदर अस्पताल में मरीज का आम दिनों की तरह ही ध्यान रखा जायेगा. यह मॉक ड्रिल मात्र 10 मिनट का है. इसलिए सभी लोगों से सहयोग की अपेक्षा है.

आम लोगों का सहयोग जरूरी: एसपी

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश के नागरिकों की सुरक्षा का सवाल है. इसलिए यह मॉक ड्रिल कराया जा रहा है. ताकि आपात स्थिति में लोग अपने को कैसे सुरक्षित रखें. उसी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य यह मॉक ड्रिल कराया जा रहा है. मॉक ड्रिल से किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. बल्कि सभी लोग निर्धारित समय में 10 मिनट के लिए अपने-अपने घर एवं संस्थानों के लाइट को ऑफ कर दें. साथ ही जहां लाइट जल रही होगी. सायरन बजने पर वहां की लाइट भी ऑफ कर देनी है. उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में आपातकालीन नंबर 112 डायल करें. साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 243100 या 243101 पर पुलिस सहायता के लिए संपर्क करें. सभी जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सिविल डिफेंस वालंटियर्स, आपदा मित्रों से अपील है कि वह ब्लैक आउट के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करें.

सायरन बजने पर क्या करें

घर, दुकान, ऑफिस सभी सभी जगहों की लाइट ऑफ कर दें. इन्वर्टर भी बंद रखे. मोबाइल की लाइट भी नहीं जलानी है. साथ ही सायरन बजने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जायें. खुले इलाकों से हटकर इमारतों में शरण लें. टीवी, रेडियो या सरकारी ऐप्स से अपडेट लेते रहें. किसी भी अफवाह से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.

मॉक ड्रिल में कौन-कौन होगा शामिल

जिला प्रशासन, पुलिस, होम गार्ड्स, सिविल डिफेंस वार्डन, स्कूल-कॉलेज के छात्र, एनसीसी, एनएसएस और नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य, स्थानीय लोग और स्वयंसेवक संगठन आदि मॉक ड्रिल में शामिल होंगे. जानकारी के मुताबिक सायरन सिस्टम प्रशासनिक कार्यालयों, फायर स्टेशनों, पुलिस मुख्यालय, बाजारों, भीड़भाड़ वाली जगहों और सैन्य ठिकानों पर स्थापित किए जाएंगे. ये सायरन दो से पांच किलोमीटर की दूरी तक 120-140 डेसिबल की तीव्रता से सुने जा सकेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
मो. ताजिम

लेखक के बारे में

By मो. ताजिम

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन