अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा नौकरी व रोजगार: सीएम

अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को मिलेगा नौकरी व रोजगार: सीएम
– कार्यकर्ता संवाद में 20 वर्षो की गिनायी उपलब्धियां सूरज गुप्ता, कटिहार जिले के समेली प्रखंड स्थित प्लस टू धर्मपुर गांधी उच्च विद्यालय, नरहिया परिसर में आयोजित एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम पिछले दो दशक की उपलब्धि यां गिनायी. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की स्थिति में सुधार लाने के लिए बड़ी संख्या में नये विद्यालय खोले गये तथा शिक्षकों की बड़े पैमाने पर बहाली की गयी. बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से दो लाख 58 हजार सरकारी शिक्षकों की बहाली की गयी. जिसमें 28,976 नियोजित शिक्षक भी शामिल हैं. आगे भी शिक्षकों की बहाली की जा रही है. नियोजित शिक्षकों से मामूली परीक्षा लेकर उन्हें सरकारी शिक्षक बनाया जा रहा है. अब तक दो लाख 62 हजार नियोजित शिक्षक सरकारी शिक्षक बन चुके है. इस प्रकार सरकारी शिक्षकों की कुल संख्या 5 लाख 20 हजार हो गयी है. शेष 77 हजार जो नियोजित शिक्षक है. उन्हें सरकारी शिक्षक बनने के लिए अभी दो अवसर दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं काफी बदहाल थी. उपचार का कोई समुचित इंतजाम नहीं था. उस समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मात्र 39 मरीज हर माह इलाज कराने अस्पतालों में पहुंचते थे. इस प्रकार प्रतिदिन एक या दो मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आया करते थे. हमलोगों ने वर्ष 2006 से सभी सरकारी अस्पतालों में दवा एवं इलाज की मुफ्त व्यवस्था सुनिश्चित करायी. जिसका परिणाम है कि अब प्रतिमाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर औसतन 11 हजार 600 मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं. बिहार में पहले मात्र छह मेडिकल कॉलेज थे. लेकिन स्वास्थ्य सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए हमलोगों ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया अब इनकी संख्या बढ़कर 12 हो गयी है. 20 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. शेष 7 जिलों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य जारी है. हर प्रकार से लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है. सभी छह पुराने मेडिकल कॉलेजों में से पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तार कर उसे 5400 बेड तथा अन्य पांच पुराने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को भी 2500 बेड का बनाया जा रहा है. इसके अलावे पटना स्थित आईजीआईएमएस का विस्तार कर उसे 3000 बेड का बनाया जा रहा है. अब लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो रही है. सरकारी अस्पतालों में ठीक ढंग से मरीजों का उपचार भी हो रहा है. अब पांच घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के आवागमन को सुगम बनाने तथा वाहनों के सुचारु परिचालन को लेकर राज्य में बड़ी संख्या में सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है. हमलोगों ने वर्ष 2016 में बिहार के किसी भी कोने से पटना पहुंचने का छह घंटे का लक्ष्य निर्धारित किया था. उस लक्ष्य को हासिल करने के बाद अब हमलोगों ने प्रदेश के सुदूरवर्ती इलाके से पांच घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके लिए हर स्तर पर राज्य सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है. वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 योजना के तहत हमलोगों ने ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने, टेली मेडिसिन, बाल हृदय योजना सहित अन्य कार्य शुरू कराया. जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है. बिहार में शुरू से ही युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराना हमलोगों की प्राथमिकता रही है. वर्ष 2005 से 2020 के बीच 8 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. इसके बाद हमलोगों ने वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के तहत 10 लाख युवाओं को नौकरी एवं 10 लाख लोगों को रोजगार देने का निर्णय लिया. इसको लेकर सरकार लगातार काम कर रही है और अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 39 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया जा चुका है. इस प्रकार कुल 49 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार दिया जा चुका है. इस साल ही यह आंकड़ा 50 लाख से ज्यादा हो जायेगा. हमलोगों ने अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार दिया जायेगा. पद से हटते ही पत्नी को बनाया मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए हमलोगों ने शुरू से ही काम किया है इसके लिए वर्ष 2006 में पंचायती राज संस्थाओं एवं वर्ष 2007 में नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया. अब तक चार चुनाव संपन्न हो चुके है. बड़ी संख्या में महिलायें पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में जनप्रतिनिधि चुनी गयी है. पहले जिनकी सरकार थी उन लोगों ने महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया. जब पद से हटे तो अपनी पत्नी को ही मुख्यमंत्री बना दिया. वर्ष 2013 से बिहार पुलिस की बहाली में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया. अब बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश के अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक है. वर्ष 2016 से महिलाओं को सभी सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी. स्वयं सहायता समूह का विस्तार करने के लिए हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर राज्य में स्वयं सहायता समूह का गठन कराया. स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का नाम हमलोगों ने जीविका दीदी दिया. उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, जो हमलोगों के काम से प्रेरित होकर पूरे देश में स्वयं सहायता समूह को आजीविका नाम दिया. अब स्वयं सहायता समूह की संख्या लगभग 11 लाख हो गयी है. जिसमें जीविका दीदियों की संख्या 1 करोड़ 40 लाख है. वर्ष 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का गठन शुरू कराया गया है. जिनकी संख्या 37 हजार हो गयी है. जिनसे अब तक 3 लाख 85 हजार जीविका दीदियां जुड़ चुकी है. शहरी क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह का गठन लगातार जारी है. 94 लाख गरीब परिवार को मिलेगा 2-2 लाख मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लिए भी हमने काफी काम किया है. पहले मदरसों को सरकारी मान्यता दिलाने के लिए लोग लगातार आंदोलन करते रहते थे. लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं की गईयी. हमारी सरकार ने ही मदरसों को सरकारी मान्यता दी तथा उनसे जुड़े शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन देना शुरु किया. वर्ष 2023 में जाति आधारित गणना करायी गयी. जिसमें लोगों की आर्थिक स्थिति की भी जानकारी ली गयी. जिसमें 94 लाख गरीब परिवार चिन्हित किए गए. इन परिवारों में अपर कास्ट, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित एवं मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल है. हमलोगों ने ऐसे परिवारों को रोजगार सृजन के लिए दो लाख रुपये की दर से आर्थिक मदद देना शुरू किया और इस सहायता को 5 वर्षों में सभी लोगों को देना था. हमलोगों ने अब तय कर दिया है कि इन सभी परिवारों को एक साथ सहायता दी जायेगी. जिसके लिए उच्चस्तरीय समिति बनायी गयी है. इससे परिवार की गरीबी दूर होगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी. 430 नयी योजनाओं को दी स्वीकृति मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का विकास तेजी से हो रहा है और आप सभी के सहयोग से बिहार इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ता रहेगा. वर्ष 2024 के दिसंबर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में मैंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए 430 नयी योजनाओं की स्वीकृति दी गयी है. जिन पर 50 हजार करोड़ रुपये की लागत आ रही है. इन सभी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. हाल में हमने कुछ नये कदम उठाये है. जिससे सभी लोगों को काफी फायदा मिलेगा. गांवों में शादी समारोह आयोजित करने के लिए राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक पंचायत में विवाह भवन का निर्माण करायेगी. इन पर 4 हजार 26 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जायेगी. जीविका दीदियों को बैंकों से मिलने वाली ऋण के ब्याज को 10 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है. जबकि जीविका के सभी कर्मियों को मिलने वाली राशि को बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है. दीदी की रसोई में भोजन की कीमत को 40 रुपये से घटाकर 20 रुपये कर दिया गया है. हमलोगों ने पंचायत के सभी प्रतिनिधियों, आशा कर्मी, रसोईया, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, कृषि सलाहकार आदि के मानदेय में भी बढ़ोतरी की है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गयी है. इससे बड़ी संख्या में लोगों को फायदा हो रहा है. इन नेताओं की रही उपस्थिति संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को फूलों की बड़ी माला पहनाकर तथा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया. कार्यक्रम को विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधायक विजय कुमार निषाद तथा विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, राज्यसभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधायक विजय सिंह निषाद, विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, पूर्व सांसद दुलालचंद्र गोस्वामी, बिहार राज्य महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज ऋषि, बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष अशोक बादल, जदयू जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय,लोजपा आर जिलाध्यक्ष संगीता देवी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमाकांत आनंद सहित एनडीए नेता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




