एनएच-31 जुराबगंज के निकट भीषण सड़क हादसा, बस पलटने से 35 यात्री घायल

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 13 Jun 2026 5:45 PM

विज्ञापन

कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच-31 जुराबगंज के समीप शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इसमें एक यात्री बस और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी.

विज्ञापन

बस-कार में आमने-सामने की टक्कर के बाद बीच सड़क पर पलटा बस गंभीर रूप से घायल 13 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया किया गया रेफर कोढ़ा. कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच-31 जुराबगंज के समीप शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इसमें एक यात्री बस और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 50 यात्रियों में से 35 लोग घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस गेड़ाबाड़ी से पूर्णिया की ओर जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस एनएच-31 पर ही पलट गयी. हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी. कई यात्री बस के अंदर फंस गये. जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया. घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद अपने दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस की सक्रियता से घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया गया. जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में 13 लोगों की स्थिति गंभीर पायी गयी. जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है. रेफर किये गये घायलों में असमीना बीवी 27 वर्ष, मुर्शीद आलम 7 वर्ष, स्वती बीबी 25 वर्ष, मौसमी बीबी 30 वर्ष, सुल्तान परवीन 19 वर्ष, रफीकुल मियां 51 वर्ष, अजीदुल मियां 36 वर्ष, जाईदुल मियां 35 वर्ष, पप्पी बीबी 35 वर्ष, रूबी बीबी 32 वर्ष, मकबुल मियां 62 वर्ष, सहेला बीवी 42 वर्ष एवं कलाम शेख 42 वर्ष शामिल हैं. सभी पश्चिम बंगाल के कूचबिहार के निवासी बताए जा रहे हैं. शेष 22 घायलों की हालत प्राथमिक उपचार के बाद स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी या निगरानी में रखा गया है. कार में सवार व्यक्ति भी इस हादसे में घायल हुआ. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया रेफर किया गया. बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस नवादा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी और बीच रास्ते में यह हादसा हो गया. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है. दुर्घटना के बाद एनएच 31 पर लगा लंबा जाम हादसे के बाद एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था. सड़क के बीचोंबीच पलटी बस के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी मशीन मंगवाई और बस को सड़क से हटाकर किनारे लगवाया. इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू किया गया. स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभायी. पुलिस प्रशासन की तत्परता के कारण समय रहते सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका. इससे एक बड़ी अनहोनी टल गयी. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन