आईटीबीपी ने 64वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

आईटीबीपी ने 64वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
कोढ़ा 48वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल ने शुक्रवार को 64वां स्थापना दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया. मुख्य समारोह का आयोजन परेड ग्राउंड में किया गया. जहां बल के अधिकारियों और जवानों ने आकर्षक परेड के माध्यम से अपने शौर्य, अनुशासन और समर्पण की शानदार झलक पेश की. इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट रमण कुमार ने परेड की सलामी ली. सभी अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की स्थापना 24 अक्तूबर 1962 को भारत-चीन युद्ध के उपरांत देश की उत्तरी सीमाओं की सुरक्षा के लिए की गई थी. यह बल हिमालय की दुर्गम सीमाओं की रक्षा करता है. शौर्य, दृढ़ता, कर्मनिष्ठा इसके मूल सिद्धांत हैं. उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान देश की सीमाओं के साथ-साथ आपदा राहत, आंतरिक सुरक्षा, नागरिक सहायता कार्यों और विभिन्न राष्ट्रीय सेवाओं में भी अपनी उत्कृष्ट भूमिका निभा रहे हैं. कमांडेंट कुमार ने कहा कि बल के हर जवान को अपने कर्तव्यों पर गर्व होना चाहिए. सदैव राष्ट्रहित में समर्पित रहना चाहिए. उन्होंने सभी पदाधिकारियों और जवानों को बल स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी. उनके समर्पण व वीरता की सराहना की. स्थापना दिवस के अवसर पर बल के इतिहास, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी लगायी गयी. उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया. जवानों और उनके परिवारों की सहभागिता से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ. जिसमें उत्साह और देशभक्ति की भावना झलकती रही. संध्याकाल में सभी अधिकारियों व जवानों की उपस्थिति में बड़ा खाना (विशेष भोज) का आयोजन किया गया. परिवार के साथ आईटीबीपी के एकता और अनुशासन की भावना को पुनः जीवंत किया गया.आईटीबीपी का यह समारोह न केवल बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक रहा. बल्कि यह भी संदेश दिया कि यह संगठन सदैव देश की सीमाओं की सुरक्षा व नागरिक कल्याण के लिए तत्पर रहेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




