हाइटेंशन तार गिरा, एक की मौत

Updated:
विज्ञापन

बरारी (कटिहार) : प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत के बड़ी भैंसदीरा जीडी रोड चौक पर सब्जी बेच रहे एक गरीब परिवार के ऊपर मंगलवार को ग्यारह हजार उच्च क्षमता का विद्युत तार गिर गया. इससे परिवार के दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायलों में राजकुमार साह (35) को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल […]

विज्ञापन
बरारी (कटिहार) : प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत के बड़ी भैंसदीरा जीडी रोड चौक पर सब्जी बेच रहे एक गरीब परिवार के ऊपर मंगलवार को ग्यारह हजार उच्च क्षमता का विद्युत तार गिर गया. इससे परिवार के दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायलों में राजकुमार साह (35) को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाने क्रम में मौत हो गयी, जबकि संतोष कुमार चौधरी (28) को बेहतर इलाज के लिए कटिहार भेजा गया है. उधर, घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग व विद्युत विभाग की लापरवाही के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. काढ़ागोला जीडी रोड से पांच घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटाया गया.
जानकारी के अनुसार प्रखंड के बड़ी भैंसदीरा चौक जीडी रोड स्थित सब्जी बाजार में बीपीएल कार्डधारी परिवार सब्जी बेचता है. मंगलवार की सुबह जब बड़ी भैंसदीरा चौक पर जीडी रोड किनारे राज कुमार साह पर सुबह नौ बजे के करीब ग्यारह हजार हाई वोल्टेज का विद्युत तार गिर गया. इसमें राजकुमार साह व संतोष कुमार चौधरी जख्मी हो गये. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने स्थानीय व जिला के पदाधिकारी को दी.
ग्रामीणों की मदद से जख्मी दोनों व्यक्तियों को रेफरल हॉस्पिटल बरारी लाया गया, जहां चिकित्सक ने राजकुमार साह पिता भागवत साह को मृत घोषित कर दिया. वहीं संतोष चौधरी की स्थिति गंभीर होने से सदर हॉस्पिटल कटिहार रेफर कर दिया गया. इस बीच लक्ष्मीपुर पंचायत के मुखिया राजेंद्र पासवान, सरपंच रामखेलावन पासवान, समिति सदस्य अमरेंद्र सिंह संजू, संजय यादव, शत्रुघन मेहता, जदयू युवा अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, अमित कुमार, अधिवक्ता पवन कुमार सिंह, शत्रुघ्न मेहता आदि ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया व मुआवजा देने की मांग की.
इसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग के अधिकारी को बुलाने की मांग करते रहे. इसके बाद घटनास्थल पर बीडीओ राजकुमार पंडित, सीओ ओमप्रकाश गुप्ता, थानाध्यक्ष नरेश कुमार सदल-बल पहुंचे. परिवार को कबीर अंत्योष्ठी योजना का तीन हजार नकद पंचायत के मुखिया राजेंद्र पासवान ने दिया. पदाधिकारियों द्वारा राजकुमार की पत्नी को पारिवारिक लाभ पचास हजार एक सप्ताह में देने, इंदिरा आवास का लाभ, विद्युत विभाग द्वारा दो लाख का मुआवजा व ग्यारह हजार के जर्जर तार की जगह कवर वायर लगाने के आश्वासन पर पांच घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया. शव को प्रशासन द्वारा पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजा. महिलाएं, बच्चे सभी सड़क पर बैठ गये. राजकुमार की पत्नी ननकी देवी, पुत्री सुनीता कुमारी (13), कविता कुमारी, अनिता कुमारी, ममता कुमारी व 9 वर्षीय गुंजा कुमारी के सिर से पिता का साया उठ गया.
विद्युत के लटकते तार हादसे को दे रहे निमंत्रण
सावधान ! अगर आप विद्युत के लटकते तार के नीचे से गुजर रहे हैं तो आपको घायल होने के साथ-साथ जान जाने का भी खतरा है. विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण विद्युत का लटकता तार कई लोगों की जान ले चुका है और आगे भी जान लेने की तैयारी में है.
लेकिन विभाग बचाव की जगह कुंभकरण की चिर निद्रा में है. राजस्व देने में अव्वल रहने वाला कटिहार जिला की विद्युत व्यवस्था जब लटकते तार के सहारे है तो समझ लीजिए की अन्य जिलों की क्या स्थिति होगी. यदि लटकते तार को जल्द ही दुरुस्त नहीं किया गया तो हादसे आये दिन होते रहेंगे और लोगों की जान जाती रहेगी.
लटकते विद्युत तार की स्थिति
शहरी क्षेत्र में मारवाड़ी पाठशाला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने से लाल बाबा मंदिर तक जाने वाली सड़क के बीचों-बीच विद्युत का तार लटक रहा है. इस विद्युत तार के लटकने से पूर्व में पटसन से लदा ट्रैक्टर के स्पर्श हो जाने से आग लग गयी थी. जिसमें लाखों का पटसन बर्बाद हो गया.
हालांकि जान-माल की क्षति नहीं हुई. वहीं निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 40 के रामसभा से रानीघाट तक विद्युत का तर जमीन से महज 6 फीट की दूरी पर लटक रहा है. शहर के अन्य इलाके जैसे श्यामा टॉकिज गली, बाटा चौक, शहीद चौक, न्यू मार्केट, शिव मंदिर चौक में विद्युत का तार मकड़जाल के तरह फैला हुआ है. जिसको दुरुस्त नहीं किया गया है.
तार बदलने का काम नहीं हुआ पूरा
शहर में पुराने जर्जर विद्युत तार को बदलने का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है. उसके बाद जिस इलाके में तार बदला गया है, वहां से पुराने विद्युत तार को अभी हटाया नहीं गया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में राजीव गांधी विद्युतीकरण का भी कार्य कई गांवों में नहीं किया गया है. इससे लोगों को भरी परेशानी होती है.
कहते हैं कार्यपालक अभियंता
कार्यपालक अभियंता आपूर्ति नवीन कुमार ने बताया कि कार्य चल रहा है. जल्द ही विद्युत तार को दुरुस्त कर दिया जायेगा. इसके बाद लोगों को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन