कैमूर: बहन के ससुराल आई किशोरी की सर्पदंश से मौत, झाड़-फूंक के बाद अस्पताल पहुंचने पर तोड़ा दम
फोटो.6. मौत के बाद सदमे में पड़ी महिला वह परिजन | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में सांप के काटने से 15 वर्षीय काजल कुमारी की मौत हो गई। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
Kaimur News : कैमूर जिला के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में बड़ी बहन के घर आई 15 वर्षीय किशोरी की जहरीले सांप के डंसने से बुधवार सुबह मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. वहीं, परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है.
सोते समय सांप ने डंसा, सुबह बताई घटना
मृतका की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के पतेलवा गांव निवासी घुरफेकन पाल की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार काजल सोमवार को अपनी बड़ी बहन बेबी कुमारी के साथ उसके ससुराल मोहनपुर गांव आई थी. मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि के बाद वह घर के फर्श पर सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसे डंस लिया. सांप के काटने के बाद वह दोबारा सो गई और सुबह उठने पर परिजनों को इसकी जानकारी दी.
पहले झाड़-फूंक, फिर अस्पताल लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे पहले झाड़-फूंक के लिए पढ़ौती गांव ले गए. हालत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल, भभुआ लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. साहिल राज ने बताया कि परिजनों के अनुसार किशोरी को जहरीले सांप ने काटा था. अस्पताल से आवश्यक कागजात संबंधित थाने को भेजे गए, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










