कैमूर में लापता युवक का सिर कटा शव पोखर से मिला, 300 मीटर दूर बरामद हुआ सिर
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ परिजनों को ढाढस देते विधायक शतीश कुमार सिंह
बिहार के नुआंव थाना क्षेत्र के अखिनी गांव में लापता युवक का सिर कटा शव बरामद। पुलिस मामले की जांच में जुटी, एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
नुआंव. थाना क्षेत्र के अखिनी गांव में दो दिनों से लापता युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक का धड़ गांव के एक पोखर से बरामद हुआ, जबकि उसका सिर पोखर से करीब 300 मीटर दूर नहर किनारे मिला. मृतक की पहचान अखिनी गांव निवासी रविंद्र कुमार, पिता लक्ष्मण राम के रूप में हुई है.
फोन आने के बाद घर से निकला था युवक
मृतक के भाई बलिस्टर कुमार गौतम ने बताया कि 3 अगस्त की रात रविंद्र कुमार अपने तीन बच्चों को लेकर डेरा पर सोने जा रहे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया. इसके बाद वह बच्चों को वापस घर छोड़कर रात करीब 10:30 बजे अकेले निकल गए. देर रात पत्नी जयश्री ने फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह दोस्तों के साथ पोखर पर बैठे हैं और थोड़ी देर में घर लौटेंगे. इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और वह वापस नहीं लौटे.
गुमशुदगी की शिकायत के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों ने 4 अगस्त को नुआंव थाना में गुमशुदगी का आवेदन देकर युवक की तलाश की गुहार लगाई थी. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने 24 घंटे इंतजार करने की बात कही. बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान पोखर से शव और कुछ दूरी पर नहर किनारे सिर बरामद किया.
एफएसएल टीम जांच में जुटी, हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. डीएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का निर्देश दिया. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया और फिर धड़ को पोखर में फेंक दिया गया.
विधायक पहुंचे, जल्द खुलासे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ विधायक सतीश कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर मामले के शीघ्र खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा. घटना के बाद गांव में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










