आधी रात कुढ़नी-रामगढ़ थानों में एसपी का छापा, अपराध रजिस्टर से लेकर फरियादियों के पंजी मामले की जांच

रामगढ़ थाने में रजिस्टर की जांच करते एसपी
रामगढ़ एसपी शिखर चौधरी ने आधी रात कुढ़नी और रामगढ़ थाने का औचक निरीक्षण किया। लंबित मामलों और पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार के लिए दिए सख्त निर्देश।
Kaimur News : रामगढ़ जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने गुरुवार की आधी रात अचानक कुढ़नी और रामगढ़ थाना का निरीक्षण किया. बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे एसपी को देखकर दोनों थानों में हड़कंप मच गया. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए और पूरे परिसर में तेजी से गतिविधियां बढ़ गईं.
आधी रात कुढ़नी थाना पहुंचकर जांची सतर्कता
जिला मुख्यालय से निकले एसपी का काफिला सबसे पहले रात करीब 12 बजे कुढ़नी थाना पहुंचा. यहां पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले रात्रि प्रहरी की सतर्कता का जायजा लिया. इसके बाद थाना प्रभारी आनंद कुमार के साथ बैठकर थाने के विभिन्न अभिलेखों की बारीकी से जांच की.
उन्होंने फरियादियों के पंजी, अपराध रजिस्टर और लंबित मामलों की समीक्षा की. साथ ही मालखाना का निरीक्षण करते हुए जब्त सामानों के रख-रखाव की स्थिति देखी. इस दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
रामगढ़ थाना में भी दिखी सख्ती
करीब एक बजे एसपी रामगढ़ थाना पहुंचे. उनके अचानक पहुंचने से यहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगंतुक पंजी का गहन अवलोकन किया और निर्देश दिया कि शिकायत लेकर आने वाले व्यक्ति के साथ मौजूद लोगों का नाम और हस्ताक्षर भी अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए.
उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में पहचान और सत्यापन में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी.
हर व्यवस्था की बारीकी से हुई जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की हर व्यवस्था को ध्यान से देखा. इसमें अपराध पंजी, मालखाना, हाजत, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, साफ-सफाई, आगंतुक कक्ष और जब्त वाहनों की हालत शामिल रही.
उन्होंने लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी मामलों का जल्द और निष्पक्ष निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. इसके अलावा प्रस्तावित नए थाना भवन के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
डेढ़ घंटे चला निरीक्षण, फिर लौटे मुख्यालय
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक वापस जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए. इस दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष श्रवण कुमार, थाना प्रभारी आनंद कुमार, सब इंस्पेक्टर कुंदन कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
एसपी के इस अचानक निरीक्षण को लेकर पुलिस महकमे में संदेश गया है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी. इससे जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










