कैमूर में APAAR ID में लापरवाही पर एक्शन, 9 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों का एक दिन का वेतन रोका

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

कैमूर जिले में APAAR आईडी निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले नौ स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई हुई है. इन प्रधानाध्यापकों का एक दिन का वेतन रोका गया है और 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है.

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में अपार (APAAR) आईडी निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले नौ स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई की गई है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों का एक दिन का वेतन स्थगित करते हुए 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है.

कार्यालय के आदेश के बावजूद नहीं पहुंचे प्रधानाध्यापक

लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय ने बताया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने पत्रांक 326 के तहत सभी प्रधानाध्यापकों को 25 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था. बैठक का उद्देश्य अपार आईडी निर्माण कार्य के लिए तकनीकी सहयोग देना और शत-प्रतिशत लक्ष्य समय पर पूरा करना था. इसके बावजूद संबंधित प्रधानाध्यापक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहे.

कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए वेतन किया स्थगित

जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा सभी छात्र-छात्राओं के लिए अपार आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है. ऐसे महत्वपूर्ण कार्य में अधिकारियों के निर्देश की अनदेखी को कर्तव्य के प्रति उदासीनता, मनमानी और स्वेच्छाचारिता माना गया है. इसी आधार पर 25 जुलाई का एक दिन का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है.

24 घंटे में देना होगा जवाब

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है. स्पष्ट किया गया है कि स्पष्टीकरण के निस्तारण तक वेतन स्थगित रहेगा.

इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों पर हुई कार्रवाई

जिन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया है उनमें मध्य विद्यालय सनार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अहिरोंव, तेंदुआ, उच्च माध्यमिक विद्यालय अमाँव, मध्य विद्यालय बड़का गांव, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोरेयों, भीतरीबीघा, मलहूं तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय पसाई शामिल हैं.

जिला शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई सूचना

कार्रवाई से संबंधित पत्र की प्रति निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, कैमूर को भी सूचनार्थ भेजी गई है. इससे स्पष्ट है कि अपार आईडी निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर शिक्षा विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन