मुंडेश्वरी धाम में सीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सख्त, बुल्डोजर चलाकार हटाया गया अतिक्रमण

बुल्डोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया
Kaimur News: आगामी दो जून को माता मुंडेश्वरी धाम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मुंडेश्वरी बाजार और धाम परिसर में बुल्डोजर चलाकर अवैध दुकानों व अतिक्रमण को पूरी तरह से साफ कराया.
Kaimur News (पंकज सिंह की रिपोर्ट): आगामी दो जून को माता मुंडेश्वरी धाम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे ने कमर कस ली है और इसे लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. इसी सिलसिले में बुधवार की दोपहर भगवानपुर थानेदार चंद्रशेखर शर्मा, बीडीओ अंकिता शेखर तथा प्रभारी सीओ सह राजस्व पदाधिकारी आरती कुमारी दल-बल के साथ मुंडेश्वरी धाम पहुंचे.
प्रशासनिक टीम ने सर्वप्रथम मुंडेश्वरी धाम पहाड़ी वाले वाहन पार्किंग व पानी टंकी के निकट डिवाइडर पर लगाई गई दुकानों को हटवाया. इसके बाद धाम पहाड़ी के नीचे स्थित मुंडेश्वरी बाजार से भी प्रशासन ने दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से किए गए कब्जे पर बुल्डोजर चलाकर उसे अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराया.
रंगमंच मैदान से लेकर आईबी बैरियर तक चला बुल्डोजर
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत रंगमंच मैदान के इर्द-गिर्द की सरकारी भूमि, यज्ञशाला के आस-पास की भूमि के साथ-साथ हनुमान गढ़ी मंदिर से लेकर आईबी (डाक बंगला) बैरियर तक के हिस्से को खाली कराया गया. प्रशासनिक कड़ाई और बुल्डोजर की कार्रवाई को देखते हुए कई दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों के तंबू उखाड़ लिए और दुकानों में रखे सामानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया.
विदित हो कि जब से सूबे के मुख्यमंत्री के माता मुंडेश्वरी धाम में पहुंचने की सूचना प्राप्त हुई है, तब से जिला प्रशासन व धार्मिक न्यास परिषद प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है. इससे संबंधित सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियां जोरों से की जा रही हैं.
डीएम और एसपी समेत आला अधिकारियों ने किया था निरीक्षण
बीते सोमवार की शाम कैमूर डीएम नितिन कुमार सिंह व एसपी हरिमोहन शुक्ला, धार्मिक न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह, एडीएम, एसडीएम अमित कुमार समेत कई अन्य जिला व अनुमंडल स्तर के आला अधिकारियों ने स्थानीय प्रखंड, अंचल व थाना स्तर के अधिकारियों के साथ मुंडेश्वरी धाम का विस्तृत दौरा किया था. इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को सफल बनाने की दिशा में स्थलीय निरीक्षण कर आपस में गहन विचार-विमर्श किया था.
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जहां एक तरफ मुंडेश्वरी धाम के विभिन्न हिस्सों और परिसरों की सघन साफ-सफाई की जा रही है, वहीं मुंडेश्वरी-मोकरी-केवां-भगवानपुर नहर पुल चौक पर स्थित नवनिर्मित धर्मशाला का रंग-रोगन व सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है.
Also Read: कैमूर के सरकारी अस्पताल में युवती से छेड़खानी, एक्स-रे करनेवाले युवक ने की अश्लील हरकत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










