कैमूर में तेज आंधी और वज्रपात का कहर, 4 लोगों की गई जान, कई घायल
Published by : Sakshi kumari Updated At : 14 May 2026 8:07 AM
वज्रपात की संकेतिक तस्वीर
कैमूर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की जान चली गई है, अलग अलग स्थानों पर वज्रपात से हादस हुआ है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
Kaimur Weather: (भभुआ से अमित कुमार सिन्हा) जिले में बुधवार देर शाम आई तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई. करीब 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गये. मृतकों में भेकास गांव के किसान मुशहरी विंद, खुर्द पहड़िया गांव के भाने विंद, खजुरा सरैया गांव के लक्ष्मण राम तथा शाहपुर गांव के लालजी विंद शामिल हैं. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ लाया गया, जहां पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया. सदर अस्पताल में एक के बाद एक हुई मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.
खेत में बैठे किसान पर गिरी आकाशीय बिजली
भभुआ थाना क्षेत्र के भेकास गांव निवासी 45 वर्षीय किसान मुशहरी विंद बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे अपने खेत पर बैठे थे. इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच उन पर आकाशीय बिजली गिर गई. घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गये. परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आंधी से उखड़े बांस के झुरमुट के नीचे दबकर युवक की मौत
भगवानपुर थाना क्षेत्र के खुर्द पहड़िया गांव निवासी भाने विंद तेज आंधी से बचने के लिए गांव के समीप स्थित बांस के घने झुरमुट में छुपने चले गये. इसी दौरान तेज हवा के कारण पूरा बांस का झुरमुट जड़ से उखड़कर उन पर गिर पड़ा. गंभीर रूप से घायल भाने विंद को रात करीब नौ बजे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आकाशीय बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत
भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुधवार देर रात तेज आंधी और आकाशीय बिजली से यूकिलिप्टस का पेड़ टूटकर एक झोपड़ी पर गिर गया. हादसे में झोपड़ी में मौजूद 60 वर्षीय लालजी विंद की दबकर मौत हो गई. मृतक के बेटे गंगाधारी विंद ने बताया कि उनके पिता बारिश और आंधी से बचने के लिए गांव के बधार स्थित झोपड़ी में थे. इसी दौरान झोपड़ी के पास खड़े यूकिलिप्टस के पेड़ पर बिजली गिर गई और पेड़ टूटकर झोपड़ी पर गिर पड़ा. आंधी-पानी रुकने के बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तब तक लालजी विंद की मौत हो चुकी थी. देर रात सदर अस्पताल लाये जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शादी की तैयारी के बीच युवक की दर्दनाक मौत
इधर, बेलांव थाना क्षेत्र के खजुरा सरैया गांव निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मण राम की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई. जानकारी के अनुसार उनके बड़े भाई मंगरु राम के बेटे किशोरी राम की शादी थी. शादी में लावा मिलाने के लिए गमछा लाने वह बाइक से बेलांव बाजार गये थे. लौटने के दौरान रात करीब आठ बजे पसाई माइनर नहर के समीप तेज आंधी के कारण एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे वह रुक गये. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
Also Read: बेटे की बारात में जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, औरंगाबाद में मातम के बीच हुई शादी की रस्में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










