कैमूर : मां मुंडेश्वरी मंदिर में ग्रीष्मकालीन आरती का समय तय, सुबह 6:30 बजे लगा 'तांडुलम' का महाभोग

Edited by Vikash Kumar
Updated:
विज्ञापन

KAIMUR NEWS : धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से समृद्ध कैमूर जिले के विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मुंडेश्वरी मंदिर में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही.

विज्ञापन

KAIMUR NEWS : भभुआ सदर (अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट)-धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से समृद्ध कैमूर जिले के विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मुंडेश्वरी मंदिर में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही. मंदिर में माता के दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से आये पर्यटक भी पहुंचे.मंदिर के मुख्य पुजारी उमेश प्रसाद मिश्र ने बताया कि रविवार को सुबह मंदिर के पट खुलने के बाद साफ-सफाई करायी गयी. इसके बाद प्रातः 6:30 बजे घंटे-घड़ियाल और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता की आरती की गयी तथा भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करायी गयी. आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया.इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित पंचमुखी शिवलिंग की भी विशेष पूजा और आरती की गयी. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर में तांडुलम (चावल) को मुख्य प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया.मुख्य पुजारी ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में निर्धारित समय के अनुसार प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे, अपराह्न 11:30 बजे तथा संध्या 6:30 बजे आरती की जाती है. तीनों आरतियों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं.मंदिर धार्मिक न्यास समिति के सचिव गोपाल जी प्रसाद ने बताया कि मौसम और ऋतु के अनुसार मंदिर में पूजा एवं आरती का समय निर्धारित किया जाता है. पवरा पहाड़ी पर स्थित यह प्राचीन मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है. प्रत्येक वर्ष चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं.

विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन