भभुआ-बेलांव रोड पर दो बाइकों की भीषण टक्कर, डोमिनोज के तीन डिलीवरी बॉय समेत पांच घायल
फोटो.3हादसे के बाद रेफर किये जाने के दौरान सदर अस्पताल में लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
भभुआ-बेलांव रोड पर दो बाइक की टक्कर में डोमिनोज के तीन डिलीवरी बॉय सहित पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है।
Kaimur News : सोनहन थाना क्षेत्र के भभुआ-बेलांव पथ पर सुदर्शनपुर के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में डोमिनोज के तीन डिलीवरी बॉय समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
खरीदारी कर गांव लौट रहे थे दो युवक
जानकारी के अनुसार, भोखरा गांव निवासी मंटू बिंद, पिता भोला बिंद और मुखराम मुसहर, पिता रामकृत मुसहर शनिवार को भभुआ से सामान की खरीदारी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान शिकरा मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
ड्यूटी पर भभुआ आ रहे थे डिलीवरी बॉय
दूसरी बाइक पर मीठापुर निवासी पियूष कुमार, पिता उपेंद्र बिंद, अमाढ़ी निवासी अनीश बिंद, पिता जितेंद्र बिंद और विशाल कुमार पासवान, पिता केशव कांत पासवान सवार थे. तीनों डोमिनोज में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं और बाइक से ड्यूटी के लिए भभुआ आ रहे थे. इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया.
दो घायलों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
हादसे के बाद सभी पांच घायलों को सदर अस्पताल लाया गया. सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. विनोद कुमार और डॉ. सितेश कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. डॉ. सितेश कुमार ने बताया कि मंटू बिंद और पियूष कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
अस्पताल पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और हादसे की जानकारी जुटायी. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और दोनों बाइकों के संबंध में जानकारी ली. हादसे के बाद कुछ समय तक अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










