कैमूर में सोलर मेला में DM ने गिनाये फायदे, 200 घरों की छत पर लग चुका सोलर पैनल

Updated:
विज्ञापन

फोटो.5. प्रमाण पत्र देते डीएम | Prabhat Khabar Network

डीएम ने सोलर मेला में पीएम सूर्य घर योजना के लाभ बताए। छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली खर्च कम करें और सरकार से सब्सिडी का लाभ उठाएं। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला के मोहनियां सदर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरजीएफ भवन में शुक्रवार को सोलर मेला सह लोन मेला 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने फीता काटकर किया. इस दौरान उन्होंने लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली की खपत और बिजली बिल दोनों को कम किया जा सकता है. साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है.

200 घरों की छत पर लग चुका सोलर पैनल

डीएम ने बताया कि जिले में लगभग 200 लोगों ने अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवा लिया है और सौर ऊर्जा से बिजली का उपयोग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सभी वर्ग के लोग उठा सकते हैं. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अधिकृत वेंडर का चयन करना होगा. जरूरत पड़ने पर बैंक से ऋण लेकर भी सोलर पैनल लगाया जा सकता है. सरकार की ओर से योजना में सब्सिडी भी दी जा रही है, जिससे लाभुकों पर आर्थिक बोझ कम होगा.

गरीब परिवारों की छत पर भी लगेगा सोलर पैनल

डीएम ने कहा कि गरीब परिवारों की छत पर भी सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम चल रहा है. इसके लिए गरीब परिवारों का सर्वे कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़े लोगों को भी योजना से जोड़ने की तैयारी है. इसके अलावा जिन सरकारी भवनों पर अभी तक सोलर पैनल नहीं लगा है, उनकी सूची तैयार कर राज्य सरकार को भेज दी गयी है. जल्द ही संबंधित एजेंसी के माध्यम से सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने का काम पूरा कराया जायेगा.

चार से पांच साल में लागत वसूलने का दावा

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए सब्सिडी उपलब्ध करा रही है. इससे लाभुकों को शुरुआती लागत में राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की बचत होने के कारण करीब चार से पांच वर्षों में संयंत्र पर खर्च की गयी राशि की भरपाई हो सकती है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने और अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने की अपील की.

बैंक से ऋण में परेशानी हो तो करें शिकायत

डीएम ने कहा कि सोलर पैनल लगाने के लिए बैंक से ऋण लेने में यदि किसी लाभुक को परेशानी होती है तो वह संबंधित पदाधिकारी को इसकी जानकारी दे सकता है. शिकायत मिलने पर मामले का त्वरित समाधान कराने का प्रयास किया जायेगा. कार्यक्रम के दौरान डीएम ने योजना का लाभ लेने वाले कई लोगों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया.

अधिकारी और बिजली विभाग के कर्मी रहे मौजूद

सोलर मेला सह लोन मेला में उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति, एसडीएम रत्न प्रियदर्शनी, बीडीओ, सीओ निरंजन सुमन, एडीएसओ अभिमन्यु कुमार, बिजली विभाग के पदाधिकारी व कर्मी समेत बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली के दुकानदार एवं अन्य लोग मौजूद रहे.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन