कैमूर: कुल्हड़िया माइनर में जलकुंभी बनी सिंचाई की बाधा, रामगढ़ विधायक ने जेसीबी लगाकर शुरू कराया सफाई अभियान
कुल्हड़िया माइनर की साफ सफाई करती हुई जेसीबी | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ विधायक सतीश यादव ने कुल्हड़ियां माइनर से जलकुंभी हटवाकर किसानों की सिंचाई समस्या को दूर किया। टेल तक पानी पहुंचने से किसानों में खुशी का माहौल है।
Kaimur News : दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र में कुल्हड़िया माइनर में लंबे समय से जमी जलकुंभी किसानों के लिए सिंचाई की बड़ी समस्या बनी हुई थी. खड़सरा गांव के पास करीब एक किलोमीटर तक जलकुंभी फैल जाने के कारण माइनर का पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा था. किसानों की समस्या को देखते हुए रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने शनिवार को जेसीबी लगाकर माइनर की सफाई का कार्य शुरू कराया. सफाई शुरू होने के बाद माइनर में पानी का बहाव धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है.
जलकुंभी के कारण पानी रहते भी सूखे रह रहे थे खेत
कर्मनाशा मुख्य नहर से निकलने वाली कुल्हड़िया माइनर से कुल्हड़िया, मौहरियां, खड़सरा, कोटसा समेत दर्जनों गांवों के किसानों के खेतों की सिंचाई होती है. पिछले कई वर्षों से खड़सरा गांव के समीप माइनर में बड़ी मात्रा में जलकुंभी उग गयी थी. करीब एक किलोमीटर तक जलकुंभी फैलने के कारण पानी खड़सरा से आगे नहीं बढ़ पा रहा था. इससे माइनर में पानी रहने के बावजूद टेल क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा था.
किसानों ने विधायक से लगायी थी गुहार
सिंचाई की समस्या से परेशान किसानों ने मामले की जानकारी रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू को दी थी. किसानों ने माइनर की तत्काल सफाई कराने की मांग की थी. समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने शनिवार को जेसीबी मंगवाकर जलकुंभी हटाने का काम शुरू कराया. जेसीबी से लगातार सफाई किये जाने के बाद माइनर में पानी का प्रवाह आगे की ओर बढ़ने लगा है.
टेल के किसानों को मिलेगी राहत
विधायक सतीश यादव ने कहा कि किसानों की सिंचाई की समस्या को देखते हुए जेसीबी लगाकर माइनर से जलकुंभी हटाने का काम कराया जा रहा है. जलकुंभी पूरी तरह साफ हो जाने के बाद माइनर का पानी टेल तक पहुंचने लगेगा. इससे लंबे समय से सिंचाई की समस्या झेल रहे किसानों को राहत मिलेगी और खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंच सकेगा.
दर्जनों गांवों के किसानों को होगा फायदा
कुल्हड़िया माइनर से जुड़े दर्जनों गांवों में खेती करने वाले किसानों को इस सफाई अभियान से लाभ मिलने की उम्मीद है. माइनर में पानी का प्रवाह सामान्य होने पर किसानों को खरीफ फसलों की सिंचाई में सुविधा होगी. सफाई कार्य शुरू होने के बाद पानी आगे बढ़ने लगा है, जिससे टेल क्षेत्र के किसानों में भी उम्मीद जगी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










