कैमूर : मोहनिया चेक पोस्ट पर अवैध वसूली की जांच, तीन साल में 6 करोड़ से अधिक घटा राजस्व

Updated:
विज्ञापन

जांच करती परिवहन विभाग की टीम चेकपोस्ट पर

मोहनिया समेकित चेक पोस्ट पर अवैध वसूली और राजस्व में भारी गिरावट को लेकर विधानसभा की समिति ने जांच शुरू कर दी है। जानें क्या है पूरा मामला।

विज्ञापन

Kaimur News : जीटी रोड पर मोहनिया में स्थित समेकित चेक पोस्ट पिछले एक महीने से अवैध वसूली को लेकर पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है. 15 दिनों के अंदर दो बार अवैध वसूली करते हुए नौ पुलिस जवानों और पांच इंट्री माफिया को गिरफ्तार किया गया है. सभी को अवैध वसूली की रकम के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. लगातार हो रही कार्रवाई के बाद मोहनिया चेक पोस्ट अवैध वसूली को लेकर चर्चा में है.

लगातार तीन वर्षों से गिर रहा चेक पोस्ट का राजस्व

अवैध वसूली के आरोपों के बीच मोहनिया चेक पोस्ट के राजस्व में लगातार गिरावट भी सवाल खड़े कर रही है. पिछले तीन वर्षों से चेक पोस्ट का राजस्व लगातार घट रहा है. खास बात यह है कि इस अवधि में सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन मालवाहक वाहनों से वसूला जाने वाला राजस्व कम होता जा रहा है.

57 करोड़ से घटकर 51 करोड़ रुपये हुआ राजस्व

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में मोहनिया चेक पोस्ट से करीब 57 करोड़ रुपये का राजस्व वसूला गया था. वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह घटकर करीब 51 करोड़ रुपये रह गया. यानी तीन वर्षों के दौरान राजस्व में छह करोड़ रुपये से अधिक की कमी आई है. लगातार घटते राजस्व को चेक पोस्ट पर संभावित गड़बड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है.

विधायक ने विधानसभा में उठाया था चेक पोस्ट का मामला

लगातार अवैध वसूली की चर्चा के बाद रामगढ़ के विधायक सतीश कुमार सिंह ने यह मामला विधानसभा में उठाया था. इसके बाद विधानसभा की याचिका समिति ने मोहनिया चेक पोस्ट की जांच कराने का निर्देश परिवहन विभाग को दिया था. समिति के निर्देश के बाद परिवहन विभाग के सचिव ने चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया.

दो दिनों तक जांच टीम ने खंगाली व्यवस्था

परिवहन विभाग की चार सदस्यीय जांच टीम 6 अगस्त को कैमूर पहुंची. टीम ने दो दिनों तक लगातार मोहनिया चेक पोस्ट पर राजस्व वसूली से जुड़ी व्यवस्था की विस्तार से जांच की. हालांकि जांच में शामिल अधिकारी इस संबंध में कोई जानकारी देने को तैयार नहीं थे. सूत्रों के अनुसार, टीम के सदस्यों ने चेक पोस्ट पर होने वाली राजस्व वसूली से जुड़े आंकड़े अपने साथ लिए हैं.

राजस्व में कमी के कारणों की भी हुई पड़ताल

सूत्रों के मुताबिक जांच टीम ने पहले कितना राजस्व आता था और वर्तमान में कितना राजस्व वसूला जा रहा है, इसकी जानकारी जुटाई. इसके अलावा राजस्व वसूली के दौरान होने वाली गड़बड़ियों और उन्हें दूर करने के बाद राजस्व बढ़ाने की संभावनाओं की भी जांच की गई. टीम ने चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और शिफ्ट इंचार्ज की भूमिका के बारे में भी जानकारी ली.

अवैध वसूली के आरोपों की भी होगी जांच

मोहनिया चेक पोस्ट पर लगातार सामने आ रहे अवैध वसूली के मामलों को भी जांच के दायरे में रखा गया है. 15 दिनों के भीतर दो बार पुलिस जवानों और इंट्री माफिया की गिरफ्तारी के बाद चेक पोस्ट की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं. जांच टीम इन मामलों और राजस्व में आई गिरावट के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है.

विधायक सतीश कुमार सिंह ने टीम को बताई पूरी जानकारी

विधानसभा में शिकायत करने वाले रामगढ़ विधायक सतीश कुमार सिंह भी जांच के दूसरे दिन टीम के सामने पहुंचे. उन्होंने जांच टीम को मोहनिया चेक पोस्ट पर कथित तौर पर होने वाली अवैध वसूली और राजस्व को हो रहे नुकसान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. विधायक ने टीम से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच करने की मांग की.

जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की उम्मीद

परिवहन विभाग की जांच टीम अपनी रिपोर्ट में चेक पोस्ट की राजस्व वसूली, सीसीटीवी व्यवस्था, शिफ्ट इंचार्ज की भूमिका और कथित गड़बड़ियों से जुड़े बिंदुओं को शामिल करेगी. यदि जांच में राजस्व में कमी और अवैध वसूली से जुड़े आरोप सही पाए जाते हैं, तो परिवहन विभाग के कई अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.


विज्ञापन
Vinod Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन