कैमूर: रामपुर में 1.25 करोड़ के सोख्ता निर्माण पर उठे सवाल, प्रमुख बोले- 50% काम भी मानक के अनुसार हुआ तो दे दूंगा इस्तीफा

Updated:
विज्ञापन

पंचायत समिति की बैठक में भाग लेते प्रमुख जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

रामपुर में स्वच्छता अभियान के तहत बने पानी सोख्ता में अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रखंड प्रमुख ने जांच की मांग करते हुए इस्तीफे की चेतावनी दी है।

विज्ञापन

Kaimur News : रामपुर चायत सरकार भवन बेलांव के सभागार में शनिवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में स्वच्छता अभियान के तहत बनाये गये पानी सोख्ता के निर्माण में अनियमितता का मामला प्रमुखता से उठा. बैठक में प्रखंड प्रमुख घुरा यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बनाये गये कई सोख्ता प्राक्कलन के अनुरूप नहीं हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने जांच कमेटी गठित कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

प्रमुख ने उठाये निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड प्रमुख घुरा यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत बनाये गये पानी सोख्ता की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है. उनके अनुसार प्राक्कलन में निर्धारित गहराई के अनुरूप कई सोख्तों का निर्माण नहीं किया गया है. वहीं, 10 इंच मोटी ईंट की जोड़ाई के स्थान पर महज पांच इंच मोटी ईंट की जोड़ाई कर निर्माण कराये जाने का आरोप लगाया.

बोले प्रमुख- 50 प्रतिशत काम सही निकला तो दे दूंगा इस्तीफा

प्रमुख घुरा यादव ने बैठक में कहा कि क्षेत्र में बने सोख्तों में यदि 50 प्रतिशत भी प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण हुआ है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच होने पर अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो जायेगी.

431 सोख्तों पर खर्च हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये

मामले पर प्रखंड स्वच्छता समन्वयक आलोक कुमार ने सदन को बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में कुल 431 पानी सोख्ता का निर्माण कराया गया है. एक सोख्ता के निर्माण पर करीब 30 हजार रुपये खर्च किये गये हैं. इस हिसाब से अब तक इन निर्माण कार्यों पर करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च किये जा चुके हैं.

बीडीओ ने जांच कमेटी बनाने का दिया निर्देश

निर्माण कार्य को लेकर उठे सवालों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने जांच के लिए कमेटी गठित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा. बीडीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया उन्हें प्रखंड में स्वच्छता का कार्य संतोषजनक नहीं लग रहा है.

कार्यालय के बगल में ही फैला मिला कचरा

बीडीओ ने बैठक में कहा कि प्रखंड कार्यालय के ठीक बगल में ही कचरा फैला हुआ है. ऐसे में क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने प्रखंड स्वच्छता समन्वयक को कार्यालय के आसपास फैले कचरे की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया.

कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में बीडीसी जहांगीर अंसारी, दुःखी मल्लाह, डिग्री पासवान, शत्रुध्न कुमार, रीना देवी, अनिता देवी, किरण देवी, मुखिया दीपक कुमार, बिजली जेई परमेश्वर कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तेजस्विनी आनंद, आरओ नाज मजीद, जीविका बीपीएम कुश कुमार सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन