कैमूर में तंत्र-मंत्र से इलाज का झांसा देकर 9 लाख के गहने ठगे, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी पिता-पुत्र | Prabhat Khabar Network

मोहनिया में तंत्र-मंत्र से इलाज के नाम पर चौकीदार की बहू से 9 लाख के गहने ठगने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

विज्ञापन

Kaimur News : तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से बीमार व्यक्ति को ठीक करने का झांसा देकर मोहनिया शहर के वार्ड 7 निवासी एक चौकीदार की बहू से करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिये गये. मामले में मोहनिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेवरी गांव निवासी अर्जुन कुमार, पिता ईश्वर दयाल यादव और ईश्वर दयाल यादव, पिता धर्म यादव उर्फ धर्मदेव यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों का मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

अनजान नंबर से आया फोन, झाड़-फूंक के नाम पर महिला को फंसाया

मामले को लेकर मोहनिया वार्ड 7 निवासी पप्पू पासवान की पत्नी अंजलि देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. आवेदन के अनुसार, पीड़िता के मामा की तबीयत कई वर्षों से खराब चल रही थी. इसी दौरान एक अनजान नंबर से महिला के मोबाइल पर फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को झाड़-फूंक करने वाला बताते हुए तंत्र-मंत्र के माध्यम से उसके मामा को ठीक करने का दावा किया.

पूजा के नाम पर मांगे पूरे गहने

पीड़िता के अनुसार, फोन करने वाले ने उसके मामा की बीमारी ठीक करने के लिए विशेष पूजा-जाप कराने की बात कही और महिला से अपने गहने देने को कहा. महिला उसके झांसे में आ गयी. 26 जून की दोपहर करीब दो बजे उसने अपनी पड़ोस की एक लड़की के माध्यम से गहने कमता सिगासन होटल के पास भेज दिये.

गहनों के बदले दी दो जड़ी, फिर मोबाइल हुआ बंद

बताया गया कि गहने लेने के बाद आरोपितों ने लड़की के हाथ दो जड़ी भेजीं और महिला से कहा कि इन्हें उसके मामा की कमर में बांध दे, जिससे वह ठीक हो जायेंगे. इसके बाद गहने लेकर युवक वापस नहीं लौटा. महिला ने जब संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला. इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और मोहनिया थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी.

पुलिस ने घर से मंगलसूत्र और मोबाइल किया बरामद

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान देर रात पुलिस ने अर्जुन कुमार और उसके पिता ईश्वर दयाल यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपितों के घर से एक मंगलसूत्र और घटना के दौरान बातचीत के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है.

नथिया से लेकर करधनी तक, कई आभूषण थे शामिल

पीड़िता के अनुसार ठगी किये गये आभूषणों में सोने की नथिया, मंगलसूत्र, झुमका, चांदी की पायल, करधनी सहित कई सोने-चांदी के गहने शामिल थे. इन आभूषणों की कुल कीमत करीब नौ लाख रुपये बतायी गयी है. पुलिस बरामद आभूषणों की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.

अंधविश्वास के भरोसे गंवाये लाखों रुपये

घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के कारण होने वाली ठगी की गंभीरता को सामने ला दिया है. महिला ने केवल फोन पर मिले व्यक्ति की बात पर भरोसा कर अपने लाखों रुपये के गहने उसके हवाले कर दिये. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि बीमारी या किसी अन्य समस्या के समाधान के नाम पर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का दावा करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि एक चौकीदार की बहू से तंत्र-मंत्र के माध्यम से इलाज करने के नाम पर करीब नौ लाख रुपये के आभूषण ठगी किये जाने के मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है. आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन सहित कुछ गहने बरामद किये गये हैं. दोनों आरोपितों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


विज्ञापन
Vinod Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन