कैमूर: रामगढ़ में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला प्रशासन का डंडा, 8 वाहनों से वसूला गया जुर्माना
दुर्गा चौक पर बस का चालान काटते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ के दुर्गा चौक पर प्रशासन ने अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की। आठ वाहनों से आठ हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
Kaimur News : रामगढ़ बाजार में शनिवार की दोपहर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस व अंचल प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया. थानाध्यक्ष सुमित कुमार और अंचल प्रशासन के नेतृत्व में दुर्गा चौक पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी. अभियान के दौरान कुल आठ वाहनों से चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चार लग्जरी वाहनों पर भी चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इस तरह कुल 12 वाहनों से आठ हजार रुपये की राशि वसूली गयी.
दुर्गा चौक पर अचानक कार्रवाई से मची अफरातफरी
प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से दुर्गा चौक पर बस और ऑटो चालकों में हड़कंप मच गया. चौक पर अक्सर खड़ी रहने वाली बसें कार्रवाई की भनक मिलते ही करीब 100 मीटर पहले ही यात्रियों को मुख्य सड़क पर उतारकर आगे बढ़ती नजर आयीं. वहीं, चौक के आसपास सड़क पर ऑटो खड़ा करने वाले चालकों को भी पुलिस ने वहां वाहन नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी.
सड़क पर वाहन खड़ा किया तो लगेगा आर्थिक दंड
थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े आठ वाहनों से प्रति वाहन 500 रुपये के हिसाब से चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा मुख्य सड़क पर बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चार लग्जरी वाहनों से भी कुल चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.
डंडे से नहीं, आर्थिक नुकसान से सुधरेगी यातायात व्यवस्था
थानाध्यक्ष ने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए वाहन चालकों पर डंडे के बजाय आर्थिक दंड के माध्यम से कार्रवाई की जायेगी. इसका उद्देश्य वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए मजबूर करना और सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति को रोकना है. उन्होंने बस संचालकों और चालकों से अपने वाहनों को बिस्कोमान के समीप बनाये गये निर्धारित बस स्टैंड में ही खड़ा करने की अपील की.
लाखों रुपये का बस स्टैंड, फिर भी दुर्गा चौक पर बसों का जमावड़ा
रामगढ़ बाजार के हृदयस्थल माने जाने वाले दुर्गा चौक पर पिछले कई वर्षों से बस और ऑटो चालकों का जमावड़ा लगता रहा है. बिस्कोमान भवन के समीप लाखों रुपये की लागत से बस स्टैंड बनाये जाने के बावजूद बस और ऑटो चालक दुर्गा चौक से हटने को तैयार नहीं हैं. बसें अब भी चौक पर ही यात्रियों को बैठाने और उतारने का काम करती हैं.
बस-ऑटो के कारण मुख्य सड़क पर लगता है जाम
दुर्गा चौक पर सड़क किनारे बस और ऑटो खड़े होने के कारण मुख्य सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. शनिवार को प्रशासन की कार्रवाई से कुछ समय के लिए वाहन चालकों में अफरातफरी रही, लेकिन अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










