कैमूर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप: बासुहारी गांव में लाठी-डंडे चले, 2 महिलाएं समेत 3 घायल, 9 पर FIR
घायल लोगों की तस्वीर
Kaimur Crime News : कैमूर में जमीन विवाद हिंसा में बदल गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने मामले में 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Kaimur Crime News : (राजू कुमार) इन दिनों एक चिंता बढ़ाने वाला ट्रेंड साफ नजर आ रहा है. जमीन विवाद अब सिर्फ कागजी लड़ाई नहीं रह गया है, बल्कि यह लोगों के बीच खून-खराबे की वजह बनता जा रहा है. राज्य के लगभग हर जिले से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जहां जमीन के टुकड़े के लिए लोग आपस में भिड़ रहे हैं, रिश्ते टूट रहे हैं और हालात यहां तक पहुंच जा रहे हैं कि लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे बन जा रहे हैं. जमीन विवाद के कारण अपराध का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा है. ताजा मामला कैमूर जिले से सामने आया है. जहां रामपुर प्रखंड अंतर्गत बेलाव थाना क्षेत्र के बासुहारी गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. घर बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे. इस झड़प में एक पक्ष के दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया.
घायलों की पहचान बुद्ध राम के पुत्र अजय राम, उनकी पत्नी सावित्री देवी और नागेंद्र राम की पत्नी राजमुनि देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया.
गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
हॉस्पिटल में मौजूद डॉक्टर ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया. फिलहाल तीनों घायलों का इलाज वहां चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
पुराने विवाद ने लिया उग्र रूप
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. बुधवार सुबह जब एक पक्ष विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचा, तो दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया. पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया. लाठी-डंडों से हुई इस मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया.
9 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में बेलाव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. थानाध्यक्ष परमहंस कुमार ने बताया कि घायल पक्ष की ओर से अजय राम की पत्नी अनिता देवी के बयान पर केस दर्ज किया गया है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गांव में तनाव, पुलिस की नजर
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. स्थिति को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और इलाके में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि दोबारा किसी तरह की हिंसा न हो सके.
जमीन विवाद से जुड़ी यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटे-छोटे मुद्दे किस तरह बड़ी हिंसा का कारण बन रहे हैं. फिलहाल पुलिस कार्रवाई में जुटी है और घायलों का इलाज जारी है. अब सभी की नजर इस पर है कि आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और प्रशासन इस तरह के मामलों पर कितनी सख्ती दिखाता है.
Also Read:बक्सर में तेज रफ्तार कार का कहर, चौसा बारा मोड़ पर बुजुर्ग को मारी टक्कर, हालत गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










