कैमूर : साइबर ठगी पर सख्त DIG, लंबित केस जल्द निपटाने का निर्देश, कैमूर में 153 जवानों की ट्रेनिंग का भी लिया जायजा
पुलिस लाइन में निरिक्षण के दौरान डीआईजी | Prabhat Khabar Network
डीआईजी सत्य प्रकाश ने साइबर अपराधों से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए हैं।
शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश ने बुधवार को कैमूर जिले के साइबर थाना और पुलिस लाइन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच, लंबित कांडों के निष्पादन और प्रशिक्षण ले रहे सिपाहियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराध की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
साइबर थाना में लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश
डीआईजी ने साइबर थाना के निरीक्षण के दौरान दर्ज प्राथमिकी और अब तक की गयी कार्रवाई की समीक्षा की. उन्होंने साइबर डीएसपी को लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जांच में बची कार्रवाई पूरी कर मामलों को समय पर निष्पादित किया जाए.
साइबर फ्रॉड के नए तरीकों से लोगों को करें जागरूक
डीआईजी ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नये तरीके अपना रहे हैं. ऐसे में पुलिस को लोगों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देनी चाहिए. इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया गया.
OTP और संदिग्ध लिंक को लेकर दी गयी सावधानी की सलाह
डीआईजी ने लोगों को किसी भी व्यक्ति के साथ मोबाइल पर अपना OTP साझा नहीं करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि अनजान संदेश या संदिग्ध लिंक को खोलने से बचना चाहिए. इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के मामलों की जानकारी भी लोगों को दी जाए, ताकि वे अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें.
साइबर अपराध की रोकथाम पर पुलिस का फोकस
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने साइबर अपराध से संबंधित मामलों में पुलिस की कार्रवाई की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही साइबर अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया.
कैमूर में गोपालगंज के 153 जवान ले रहे प्रशिक्षण
डीआईजी सत्य प्रकाश ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे सिपाहियों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि गोपालगंज के 153 जवान कैमूर में सिपाही प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान जवानों के रहने, खाने, पढ़ाई और प्रशिक्षण की व्यवस्था का जायजा लिया गया.
270 दिनों तक चलेगा सिपाहियों का प्रशिक्षण
डीआईजी ने बताया कि इन जवानों को करीब 270 दिनों तक प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी जवान अपने गृह जिले गोपालगंज लौटेंगे, जहां उन्हें पुलिस ड्यूटी में तैनात किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता और जवानों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं पर भी जानकारी ली गयी.
एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
डीआईजी के निरीक्षण के दौरान कैमूर एसपी शिखर चौधरी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस प्रशिक्षण की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




