ePaper

रामपुर पहुंचे डीएम, जनप्रतिनिधियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा

Updated at : 12 Feb 2026 4:24 PM (IST)
विज्ञापन
रामपुर पहुंचे डीएम, जनप्रतिनिधियों के साथ की विकास योजनाओं की समीक्षा

गुरुवार को डीएम नितिन सिंह रामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में जनप्रतिनिधियों व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने पहुंचे.

विज्ञापन

बैठक में जलजमाव, सिंचाई व नल जल के उठे मुद्दे निरीक्षण के बाद विभागों में मचा हड़कंप, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन दुर्गावती जलाशय पर शौचालय व सिंचाई के लिए लिफ्ट कैनाल चालू कराने की उठी मांग. रामपुर. गुरुवार को डीएम नितिन सिंह रामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में जनप्रतिनिधियों व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने पहुंचे. सर्वप्रथम उन्होंने प्रखंड मुख्यालय, अंचल, मनरेगा, सीएचसी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न विभागों में हड़कंप मच गया. डीएम ने पीएचसी में साफ-सफाई व स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की. इसके बाद उनकी अध्यक्षता में बहुउद्देशीय भवन में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की गयी. बैठक में जनप्रतिनिधियों की समस्याओं व जनहित के मुद्दों को सुना गया. डीएम ने समाधान का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. कुछ समस्याओं की स्वयं जांच कर निदान कराने की बात कही. बैठक में सर्वप्रथम डीएम ने प्रखंडस्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया. विकास के मुद्दों व योजनाओं की समीक्षा की गयी. प्रखंड प्रमुख घुरा सिंह यादव ने दुर्गावती जलाशय पर पर्यटकों के लिए सामुदायिक शौचालय निर्माण, भीतरी बांध गांव में चार हजार एकड़ भूमि की सिंचाई के लिए लिफ्ट कैनाल चालू कराने, बेलांव, पानापुर, नौहट्टा व पछेहरा में बरसात के दिनों में करीब 200 एकड़ में होने वाले जलजमाव की निकासी, भीतरीबांध गांव में पहाड़ी से पानी के रिसाव से उत्पन्न बाढ़ जैसे हालात का समाधान, अमाव गांव के पास दुर्गावती नदी पुल के टूटे एप्रोच पथ की मरम्मत व आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका-सहायिका बहाली की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दिये जाने का मुद्दा उठाया. डीएम ने सभी बिंदुओं को नोट कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्या समाधान कराने की बात कही. उप प्रमुख सुनील यादव ने बरली गांव में जलजमाव की समस्या उठायी. अमाव पंचायत की मुखिया लक्ष्मीना देवी ने करमचट डैम के विस्थापित अदमापुर गांव के लोगों को खेती योग्य जमीन उपलब्ध कराने, अमाव गांव के उर्दू विद्यालय के लिए जमीन व भवन निर्माण की मांग की. कुडारी बीडीसी प्रतिनिधि विनोद शर्मा ने कुडारी गांव में जलजमाव की समस्या रखी. पसाई पंचायत के सरपंच दीपक कुमार ने ग्राम कचहरी के लिए चौकीदार की मांग की, ताकि पंच के माध्यम से दिये जाने वाले नोटिस लोगों तक सही ढंग से पहुंच सकें. नल जल योजना चालू कराने सहित कई मांगें जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गयीं. बैठक के बाद आशा कार्यकर्ताओं ने डीएम से चुनाव के दौरान किये गये कार्य का मेहनताना व सात माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या रखी. ग्रामीणों ने भी अंचल में लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लाल कार्ड की भूमि पर दखल नहीं मिलने सहित अन्य समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे. डीएम ने सभी समस्याओं को सुनकर संबंधित पदाधिकारियों को समाधान कराने का निर्देश दिया. हालांकि, डीएम के जाने के बाद कुछ लोग आवेदन नहीं दे पाने व समस्या नहीं रख पाने के कारण नाराज दिखे. इस दौरान डीडीसी दिव्य शक्ति, डीसीएलआर श्रेया कुमारी, प्रशिक्षु बीडीओ मो. जावेद, सीओ अनु कुमारी, पंचायत राज पदाधिकारी ज्योति कुमारी, बीईओ तेजस्विनी आनंद सहित सभी विभागों के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा की गयी व जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गये प्रस्तावों पर चर्चा हुई. मीडिया द्वारा भारतमाला एक्सप्रेस निर्माण में हाइवा से बिना ढके व बिना मानक के मिट्टी ढुलाई के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पीएनसी निर्माण कंपनी, संबंधित अधिकारियों व थाना को निर्देश देकर मानक के अनुसार मिट्टी ढुलाई करायी जायेगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन