एसडीएम के आदेश के बाद भी दुर्गा चौक से नहीं हटा बस स्टैंड, जाम से कराह रहा रामगढ़

पुलिस जवानों के रहने व वाहनों के तेज हॉर्न बजाने के बाद भी बसों के नहीं हिलते पहिये
पुलिस जवानों के रहने व वाहनों के तेज हॉर्न बजाने के बाद भी बसों के नहीं हिलते पहिये # 23 फरवरी को मोहनिया सभागार में एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी ने इओ को दिया था आदेश थानाध्यक्ष ने भी चौक पर बस लगने पर चालक व मालिक पर प्राथमिकी की कही थी बात अतिक्रमण व भारी वाहनों के दबाव ने बढ़ायी मुश्किल, अधिकारियों के दावे धरातल पर फेल रामगढ़. एसडीएम के सख्त आदेश के एक माह बाद भी रामगढ़ दुर्गा चौक की तस्वीर नहीं बदल सकी है. मंगलवार की दोपहर एक बार फिर पुलिस जवानों के रहने के बाद भी चौक के दोनों तरफ लगने वाली बसों के कारण जाम से लोग परेशान रहे. जबकि, बस की ड्राइविंग सीट पर बैठे ड्राइवर छोटे वाहनों द्वारा तेज हॉर्न बजाने के बाद भी अपनी जगह से हिलते नहीं दिख रहे थे. धरातल पर नजर डालें तो बीते 23 फरवरी को अनुमंडल के सभागार कक्ष में एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी द्वारा नगर के इओ को चौक पर लगने वाली बसों को अगले 24 से 48 घंटे के बीच स्टैंड में खड़ा करवाने का सख्त निर्देश दिया गया था. नगर पंचायत व पुलिस प्रशासन द्वारा थोड़ी सख्ती करने पर बस चालक चार दिनों तक चौक से बीस मीटर आगे बसों को खड़े किये, जिसके बाद पुनः एक बार फिर बस चौक पर ही बसों के लगने का सिलसिला बरकरार रहा. चौक पर लगने वाली बसों पर लगाम लगाने के लिए कुछ दिनों पूर्व थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने भी दुर्गा चौक पर बस खड़े करने पर चालक के साथ वाहन स्वामी पर भी प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही थी. जबकि, नगर पंचायत के इओ द्वारा चौक पर बस या 100 मीटर की परिधि में सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों के ऊपर नो वेंडर जोन का हवाला देते हुए पकड़े जाने पर भारी जुर्माना वसूलने की बात भी कही गयी थी, लेकिन इन सबके बावजूद वर्षों से चौक को बस स्टैंड बनाये बस चालक अपनी जगह कायम हैं, जबकि पदाधिकारी सिर्फ आदेश पर आदेश दिये जा रहे हैं और इसके पालन के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं रहने से स्थिति आज भी जस की तस बनी है. बिस्कोमान के पास बना बस स्टैंड पड़ा है वीरान बाजार में लगने वाले प्रतिदिन जाम की समस्या को देखते हुए वर्ष 2024 के जुलाई माह में बिस्कोमान भवन के पास बक्सर सांसद सुधाकर सिंह द्वारा चालीस लाख रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कराये जाने के बाद भी सारी बसें बस स्टैंड के बजाय दुर्गा चौक पर ही डेरा जमाये हैं, जिससे चौक पर जाम की समस्या बरकरार है. दुर्गा चौक से मोहनिया व नुआंव जाने वाले सभी सवारी वाहन दुर्गा चौक की दोनों तरफ मुख्य सड़क पर लगते हैं, जिससे उक्त पथ से गुजरने वाले वाहन अक्सर जाम का शिकार होते है जिन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सड़क पर सब्जियों व फलों की लगी दुकानें भी जाम लगने का मुख्य कारण बना हुआ है. कुछ माह पूर्व नगर पंचायत के कर्मियों द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम कई दिनों तक शाम के वक्त दुर्गा चौक पर चौक की चारों तरफ 100 मीटर की परिधि वेंडर जोन एरिया घोषित करने इस परिधि में सब्जी ठेला व अन्य वाहनों के पकड़े जाने पर नगर पंचायत द्वारा फाइन वसूले जाने को लेकर प्रचार प्रसार भी किया गया, किंतु पदाधिकारियों के सारे आदेश धरातल पर टांय टांय फीस होते दिख रहे हैं, ना जाम से लोगों को निजात मिल सकी, ना ही सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया. ऐसे में बाजार के ग्रामीण उक्त ज्वलंत समस्या से निजात पाने के लिए किससे फरियाद लगाये, यह लोगों के बीच आज भी यक्ष प्रश्न बना हुआ है. # जाम से निजात के लिए बाइपास की जरूरत पिछले कई वर्षों से बाजार में जाम से निजात पाने के लिए क्या बाईपास सड़क या ओवरब्रिज की जरूरत है, यह भी लोगों के बीच अब विचार उत्पन्न होने लगा है. दो वर्षों पूर्व बाजार की मुख्य सड़क एनएच 319 ए के चौड़ीकरण होने के दौरान बाजार वासियों को लगा कि अब सड़क चौड़ी हो जाने के साथ-साथ सड़क अतिक्रमण मुक्त हो जायेगी, किंतु वर्षों बीत जाने के बाद भी स्थित पहले से और खराब नजर आ रही है. एनएच निर्माण के दौरान पूर्व के थानाअध्यक्ष रामजी प्रसाद द्वारा बाजारवासियों को ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से आश्वस्त भी किया गया था कि सड़क व सड़क किनारे बन रहे नाला निर्माण पूरा हो जाने के बाद सड़क पर लगने वाले सब्जी, फल दुकानों को हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा, किंतु निर्माण के बाद अतिक्रमण से मुख्य सड़क पहले से भी ज्यादा संकीर्ण हो गयी, जिससे अक्सर जाम लगने पर ग्रामीणों का मुख्य सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. # यूपी जाने वाले ट्रक भी बन रहे जाम का कारण इधर, धरातल पर नजर डालें तो मुख्य सड़क को एनएच 319 ए का दर्जा मिलने के बाद सड़क पर वाहनों का बोझ और ज्यादा बढ़ गया है. बाजार के दुर्गा चौक से जहां देवहलिया पथ के रास्ते बड़े बड़े डंपर बालू गिट्टी लोडकर ककरैत नदी पूल के रास्ते जमानिया गोरखपुर जा रहे हैं, वहीं बाजार के आंबेडकर चौक से बड़ौरा पुल के रास्ते उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर जाने वाले बड़े वाहनों का बोझ बढ़ जाने से चौक पर वाहनों के टर्निंग के दौरान जाम लगना आम बात हो गयी है. सड़क पर लगने वाले बाइक, फल, सब्जी ठेले आदि की दुकान जाम की समस्या को नासूर बना दिया है. ऐसे में दुर्गा चौक पर लगने वाली बसों को हर हाल में प्रशासन को बस स्टैंड में भेजना ही होगा, तभी बाजार वासियों को जाम से निजात मिल सकेगी. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उक्त मामले में हस्तक्षेप करते हुए चौक को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




