जहानाबाद: घोसी-धामापुर सड़क पर हादसा, बाइक से गिरकर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

जहानाबाद में सड़क हादसे का शिकार हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. नालंदा जा रही बबीता देवी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में मातम पसर गया.

विज्ञापन

Road Accident : घोसी के डहरपुर गांव से उत्तर घोसी-धामापुर सड़क पर रविवार को बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मंगलवार को इलाज के दौरान सदर अस्पताल जहानाबाद में मौत हो गयी. मृतका की पहचान डहरपुर गांव निवासी बबीता देवी के रूप में हुई है. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

नालंदा जाने के दौरान हुआ हादसा

मृतका के भाई चंदन कुमार ने बताया कि रविवार को बबीता देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ बाइक से नालंदा जिले के एकंगरसराय जा रही थीं. इसी दौरान घोसी-धामापुर सड़क पर डहरपुर गांव से उत्तर बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं. हादसे के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल घोसी लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया.

पटना पीएमसीएच से लौटे थे परिजन

परिजन घायल बबीता देवी को सदर अस्पताल जहानाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें लेकर पीएमसीएच पहुंचे. वहां इलाज कराने के बाद सोमवार को बबीता देवी को परिजन घर लेकर लौट आये.

अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

मंगलवार दोपहर करीब दो बजे घर पर ही अचानक बबीता देवी की तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी. इलाज के दौरान ही बबीता देवी की मौत हो गयी. महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद डहरपुर गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है.


विज्ञापन
Sunil Kumar

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन