जहानाबाद के स्कूलों में शिक्षक गायब मिले तो होगी कार्रवाई, पेयजल और पढ़ाई व्यवस्था पर भी जोर

Updated:
विज्ञापन

शिक्षा विभाग की बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद के डीडीसी ने शिक्षा विभाग की बैठक में स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन

jehanabad News : जहानाबाद में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं, मध्याह्न भोजन, पोषण वाटिका, स्मार्ट क्लास और हर घर तिरंगा अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.

बिना सूचना अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन और शैक्षणिक अनुशासन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय अवधि में सभी शिक्षक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित करें.

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई वर्ग-कक्ष खाली पाया जाता है और संबंधित शिक्षक अध्यापन कार्य के बजाय खाली बैठे मिलते हैं या कोई शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाया जाता है, तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

पेयजल की समस्या वाले स्कूल होंगे चिह्नित

उप विकास आयुक्त ने विद्यालयों में पेयजल की उपलब्धता को प्राथमिकता देते हुए पेयजल की समस्या वाले विद्यालयों को तत्काल चिह्नित करने का निर्देश दिया. शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से समन्वय स्थापित कर नल-जल और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का अविलंब समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय में निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना जरूरी है.

मध्याह्न भोजन और पोषण वाटिका पर नजर

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और नियमितता की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया. साथ ही विद्यालयों में विकसित पोषण वाटिकाओं का नियमित निरीक्षण और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया.

स्मार्ट क्लास का नियमित संचालन जरूरी

विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास का नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों के शिक्षण को रोचक और प्रभावी बनाने में किया जाए. संबंधित प्रधानाध्यापकों को स्मार्ट क्लास की नियमितता और उपयोगिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई.

हर घर तिरंगा अभियान में विद्यार्थियों की होगी भागीदारी

बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की भी समीक्षा की गई. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने स्तर से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. अभियान को जिले के सभी प्रखंडों और विद्यालयों में उत्साहपूर्वक संचालित करने तथा विद्यार्थियों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया. इसके माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने की बात कही गई.

निरीक्षण में मिली कमियों का समय पर होगा समाधान

उप विकास आयुक्त ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन