डेढ़ करोड़ से बनेगा अरवल में डॉग शेल्टर, आवारा कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत

Author Nishikant kumr|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
नगर परिषद अरवल | Prabhat Khabar Network

नगर परिषद अरवल | Prabhat Khabar Network

आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए अरवल नगर परिषद ने पहल की है. भदासी में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक डॉग शेल्टर का निर्माण किया जाएगा. यह शेल्टर सरकारी परिसरों के आसपास घूमते आवारा कुत्तों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उनके भोजन, इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था करेगा, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Arwal News : अरवल शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. भदासी के समीप करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डॉग शेल्टर बनाया जाएगा. इसके लिए 110×80 वर्गफीट जमीन चिह्नित कर ली गई है. जमीन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद डीपीआर तैयार कर शहरी विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा. मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा.

सरकारी परिसरों से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते

नगर परिषद का उद्देश्य सरकारी अस्पताल, पुलिस थाना, न्यायालय और अन्य सरकारी कार्यालयों के आसपास घूमने वाले आवारा कुत्तों को सुरक्षित रूप से डॉग शेल्टर में रखना है. यहां उनके रहने, भोजन, इलाज और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था होगी. इससे आम लोगों को राहत मिलने के साथ शहर में सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी.

हर दिन बढ़ रही है कुत्तों के हमलों की समस्या

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. लोग आए दिन इनके हमलों का शिकार हो रहे हैं. सदर अस्पताल में प्रतिदिन 30 से 40 लोग कुत्तों के काटने के बाद एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं. कई मरीजों को टेटनस का इंजेक्शन भी लेना पड़ता है. गर्मी के दिनों में कुत्तों का आतंक और बढ़ जाता है. कई मोहल्लों और गलियों में रात के समय लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है.

प्रशिक्षित कर्मियों का भी अभाव

फिलहाल नगर परिषद के पास आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों का कोई स्वीकृत पद नहीं है. यही कारण है कि वर्षों से समस्या बनी हुई है. शहरवासी सुविधा शुल्क देने के बावजूद आवारा कुत्तों और अन्य पशुओं से राहत नहीं मिलने की शिकायत करते रहे हैं.

डेढ़ महीने में पूरी होगी प्रक्रिया

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोनू कुमार ने बताया कि डॉग शेल्टर निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. सभी औपचारिकताएं पूरी होने में करीब डेढ़ महीने का समय लगेगा. इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन