Jehanabad : दस वर्षों से आरक्षण श्रेणी में शामिल कई पंचायतें होंगी मुक्त : दीपक प्रकाश

Edited by MINTU KUMAR
Updated:
विज्ञापन

अरवल परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव समय पर संपन्न कराये जायेंगे.

विज्ञापन

अरवल. अरवल परिसदन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव समय पर संपन्न कराये जायेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार कई ऐसी पंचायतें, जो पिछले दस वर्षों से आरक्षण की श्रेणी में थीं, उससे मुक्त होंगी, वहीं कई नयी पंचायतें आरक्षित की जायेंगी. उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया नियमावली एवं रोस्टर के अनुसार होगी और उसी के अनुरूप बदलाव देखने को मिलेगा. मंत्री ने अरवल आगमन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिले में संचालित विभिन्न पंचायती राज योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना उनका मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने जिला परिषद की रिक्त भूमि के समुचित उपयोग पर विशेष बल देते हुए कहा कि इन जमीनों के सुनियोजित विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी 16 फरवरी 2026 तक सभी रिक्त भूमि का विस्तृत विवरण विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें व्यावसायिक उपयोग, दुकान, गोदाम, आवासीय परिसर एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए चिन्हित कर लीज पर दिया जा सके. बैठक के दौरान पंचायत सरकार भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. बताया गया कि जिले की कुल 64 पंचायतों में से 17 पंचायत सरकार भवन पूर्ण होकर क्रियाशील हैं, जबकि शेष भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. शेष दो पंचायतों में भूमि संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान किए जाने की बात कही गयी. इसके अलावा कन्या विवाह मंडप निर्माण, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन, 15वें एवं पंचम वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. लंबित भुगतान, उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिये गये. ग्राम कचहरी में वादों की ऑनलाइन प्रविष्टि की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही आरटीपीएस केंद्रों में कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया. एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि कई पंचायत सरकार भवन कर्मियों की कमी के कारण समय पर नहीं खुल पा रहे हैं, लेकिन इस समस्या का समाधान शीघ्र कर लिया जायेगा. उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया. मौके पर पंचायत राज पदाधिकारी विनोद कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविंद्र राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन