जहानाबाद में बड़ी वारदात टली, पिस्टल और कारतूस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
वारदात की तैयारी में जुटा अपराधी गिरफ्तार
Jahanabad Crime News: जहानाबाद मखदुमपुर में वारदात की तैयारी कर रहे एक अपराधी को पुलिस ने पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके दो सहयोगियों को भी पुलिस ने दबोच लिया. पूछताछ में तीनों ने चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है, पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है.
जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jahanabad Crime News: जहानाबाद मखदुमपुर थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक अपराधी को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो सहयोगियों को भी धर दबोचा. कार्रवाई रेलवे फाटक के पास स्थित एक किराये के मकान में की गई.
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बताया कि मखदुमपुर थाना को सूचना मिली थी कि अक्षय कुमार अपने साथियों के साथ हथियार लेकर किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया.
कमरे की तलाशी में मिला हथियार और कारतूस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मखदुमपुर थाना क्षेत्र के मकरपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अक्षय कुमार के रूप में हुई है. उसके कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, एक मैगजीन, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 13,500 रुपये नकद बरामद किए.
निशानदेही पर दो और अपराधी गिरफ्तार
अक्षय कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो सहयोगियों सागर कुमार और मंटू कुमार उर्फ मंटू राज को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों पहले से चोरी के एक मामले में नामजद अभियुक्त बताए जा रहे हैं.
पूछताछ में कई चोरियों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बंद घरों में चोरी, मोटरसाइकिल चोरी और बैटरी चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस ने बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर लिया है. तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए