स्वतंत्रता दिवस पर खेल मैदान में दिखा जोश, कबड्डी में मगध की बेटियां चैंपियन; फुटबॉल में भी जीत दर्ज की
महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते एसपी |
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहानाबाद में फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें मगध फुटबॉल अकादमी की टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
Football Match : जहानाबाद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित गांधी स्मारक इंटर विद्यालय के खेल मैदान में फुटबॉल एवं गर्ल्स कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन मगध फुटबॉल अकादमी की ओर से किया गया. प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्र प्रेम की भावना को बढ़ावा देना था. खिलाड़ियों से परिचय लेने के बाद आरक्षी अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया.
कबड्डी में मगध गर्ल्स ने कस्तूरबा गांधी टीम को हराया
मगध गर्ल्स कबड्डी टीम और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. मगध की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-19 के अंतर से जीत दर्ज की. मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और खेल कौशल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.
फुटबॉल में टाई ब्रेकर से मगध अकादमी की जीत
फुटबॉल मुकाबला एसएस फुटबॉल क्लब मसौढ़ी और मेजबान मगध फुटबॉल अकादमी जहानाबाद के बीच हुआ. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं. इसके बाद टाई ब्रेकर में मगध फुटबॉल अकादमी ने 4-2 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
‘स्वतंत्रता दिवस युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का अवसर’
आरक्षी अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देशभक्ति का पर्व नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक दिशा देने का अवसर भी है. खेलों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी भाईचारे का विकास होता है.
फुटबॉल से जुड़ें नई पीढ़ी के बच्चे
कार्यक्रम के संचालक सह अकादमी के चेयरपर्सन राजीव कुमार रंजन ने कहा कि आने वाले समय में इस तरह के आयोजन को और भव्य रूप दिया जाएगा. उन्होंने नई पीढ़ी के बच्चों से फुटबॉल से जुड़ने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की.

विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी से किया सम्मानित
प्रतियोगिता के अंत में दोनों खेलों के सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया. विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान की गई. कार्यक्रम की शुरुआत मल्लहचक स्थित अकादमी कार्यालय में चेयरपर्सन राजीव कुमार रंजन के ध्वजारोहण से हुई.
मौके पर अकादमी के सचिव मो. तारिक, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, राधेश्याम शर्मा, राम ईश्वर सिंह, भाकपा माले के वरिष्ठ नेता रविंद्र कुमार यादव, उदय कुमार, अनुसूचित जाति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अरविंद चौधरी, राजकुमार समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद थे. प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राजेश कुमार, मो. शोएब अहमद, झुन्नू जी, अप्पू कुमार, विश्वनाथ प्रताप सिंह और चंदन कुमार ने निभाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










