स्वतंत्रता दिवस समारोह: आजादी के जश्न में डूबा अरवल, प्रभारी मंत्री ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे | Prabhat Khabar Network
अरवल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। जिले के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी यहाँ पढ़ें।
Independence Day : अरवल जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गांधी मैदान में आयोजित हुआ, जहां राज्य सरकार के पंचायती राज मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद पुरुष एवं महिला जिला बल, स्काउट-गाइड और होमगार्ड के जवानों की परेड की सलामी मंत्री ने ली.
विकास योजनाओं की मंत्री ने दी जानकारी
जिलेवासियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि अरवल का चहुंमुखी विकास हो रहा है. ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित सहयोग शिविर में 6750 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 97 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है. सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 81 हजार 13 लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है. दिव्यांगों के लिए ट्राई साइकिल, बैसाखी और बैटरी चालित साइकिल का वितरण किया जा रहा है.
आवास योजना से हजारों परिवार लाभान्वित
मंत्री ने बताया कि आवास प्लस योजना के तहत 88 हजार 176 लाभुकों को आवास दिया गया है. प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के 22 हजार 578 लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत स्वीकृति दी गई है. मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना और आवास सहायता योजना के माध्यम से भी जरूरतमंद लाभुकों को सहायता दी जा रही है.

जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर हो रहे परिवार
जीविका के माध्यम से जिले के 1 लाख 4 हजार 24 परिवारों को जोड़ा गया है. ये परिवार कृषि, निरा, पशुपालन और सूक्ष्म उद्योग से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं. शिक्षा के क्षेत्र में 88 हजार 220 छात्र-छात्राओं की अपार आईडी बनाई जा चुकी है. सरकारी विद्यालयों में 69 आईसीटी लैब, 73 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आठ आदर्श विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं. किशोरी स्वास्थ्य, पोशाक, छात्रवृत्ति और साइकिल योजना समेत कई योजनाओं का लाभ छात्र-छात्राओं को दिया जा रहा है.
लघु उद्योग को भी मिल रहा बढ़ावा
उद्योग विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत 90 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध 83 आवेदन विभिन्न बैंक शाखाओं को भेजे गए हैं. इनमें 21 लाभार्थियों के बीच ऋण का वितरण किया जा चुका है. मंत्री ने कृषि, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य, पंचायती राज, ग्रामीण कार्य विभाग और नगर परिषद समेत विभिन्न विभागों की विकासात्मक योजनाओं की भी जानकारी दी.
देशभक्ति गीतों से गूंजा गांधी मैदान
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. इस मौके पर जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस, पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी, अरवल विधायक मनोज कुमार, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.

सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों पर लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया. समाहरणालय में जिलाधिकारी अमृषा बैंस, पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी, सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर प्रसाद, अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ संजीव कुमार, नगर परिषद में अध्यक्ष साधना कुमारी और जिला परिषद में संध्या देवी ने ध्वजारोहण किया.
राजद और जदयू कार्यालय में भी किया ध्वजारोहण
प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख कुंती देवी, नगर थाना में थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी, कृषि विभाग में जिला कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार झा, जिला शिक्षा कार्यालय में शिक्षा पदाधिकारी असगर अली खान और प्रेस क्लब में डीपीआरओ माला कुमारी ने तिरंगा फहराया. विधायक मनोज कुमार ने अपने कार्यालय में, जदयू कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनंत कुमार वर्मा, भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, राजद कार्यालय में जिलाध्यक्ष जगजीवन राम, हम पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिव कुमार पासवान और लोजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष सत्येंद्र रंजन ने ध्वजारोहण किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










