Jehanabad News: पटना-हटिया एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, युवक घायल
Published by : Vivek Pandey Updated At : 24 May 2026 12:20 PM
Jehanabad News: हटिया-पटना एक्स्प्रेस में खिड़की वाली सीट पर बैठा यात्री बना शरारती तत्वों का निशाना, जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया गया इलाज,जानिए पूरी खबर
Jehanabad News: (संजय अनुराग) पटना-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन पर शरारती तत्वों द्वारा की गई पत्थरबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना में युवक के सिर पर गहरी चोट लगी है. घायल अवस्था में उसे देर रात जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया. घायल युवक की पहचान मुन्ना कुमार के रूप में हुई है, जो पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के नारखोटी गांव का निवासी बताया गया है.
खिड़की वाली सीट पर बैठा था युवक
बताया जाता है कि मुन्ना कुमार पटना से जहानाबाद आने के लिए पटना-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा था। वह खिड़की वाली सीट पर बैठकर मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान ट्रेन पटना जंक्शन से खुलने के कुछ देर बाद कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी क्रम में एक पत्थर युवक के ललाट पर आकर लगा, जिससे उसका सिर फट गया. घटना में युवक के माथे पर करीब दो से ढाई इंच गहरा जख्म हो गया और काफी खून बहने लगा.
मोबाइल छीनने के प्रयास की आशंका
घायल युवक मुन्ना कुमार ने आशंका जताई कि पत्थरबाजी मोबाइल छीनने के उद्देश्य से की गई थी. उसने बताया कि अक्सर अपराधी ट्रेन में खिड़की या गेट के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते हैं. पत्थर या डंडे से हमला कर मोबाइल गिरा दिया जाता है और फिर उसे उठाकर अपराधी फरार हो जाते हैं. हालांकि इस घटना में उसका मोबाइल बच गया, लेकिन पत्थर सीधे सिर पर लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
यात्रियों की मदद से बांधा सिर पर गमछा
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने घायल युवक की मदद की। खून बहता देख यात्रियों ने उसके सिर पर गमछा बांध दिया, ताकि रक्तस्राव कम हो सके.रात का समय होने के कारण युवक ने बीच रास्ते में उतरना उचित नहीं समझा और जहानाबाद पहुंचने तक सफर जारी रखा. इस दौरान उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन जहानाबाद स्टेशन पहुंच गए.
जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
जहानाबाद स्टेशन पहुंचने के बाद परिजन घायल युवक को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
रेल प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद मुन्ना कुमार ने रेल प्रशासन से ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल छीनने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. शरारती तत्व ट्रेन की खिड़की या गेट पर बैठे यात्रियों पर पत्थरबाजी अथवा डंडे से हमला कर मोबाइल गिराने की कोशिश करते हैं. लोगों ने रेल प्रशासन से ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
Also Read: औरंगाबाद मंडी में सेब और अंगूर के दाम ऊंचे स्तर पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










