अरवल: जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

जनगणना को लेकर आयोजित प्रशिक्षण | Prabhat Khabar Network
अरवल समाहरणालय में जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के निर्माण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को ग्राम व नगर स्तर पर शुद्ध आँकड़े जुटाने की विधि बताई गई।
Arwal News : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के निर्माण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन की विधि, विभिन्न प्रपत्रों के संधारण तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी गई.
ग्राम और नगर स्तर के आंकड़ों के शुद्ध संकलन पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय आंकड़ों का शुद्ध और प्रमाणिक संकलन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका किसी जिले की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज होती है, जिसका उपयोग विकास योजनाओं और नीति निर्माण में किया जाता है.
नौ अनुभागों में जुटाई जाएंगी सूचनाएं
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम एवं नगर निर्देशिका के तहत कुल नौ अनुभागों में सूचनाओं का संकलन किया जाएगा. ग्राम निर्देशिका में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, परिवहन, बैंकिंग, विद्युत, भूमि उपयोग, सिंचाई, कृषि उत्पादन, हस्तशिल्प सहित अन्य जानकारियां शामिल होंगी. वहीं नगर निर्देशिका में नगर का इतिहास, भौगोलिक स्थिति, जलवायु, आधारभूत संरचना, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, बैंकिंग, स्लम क्षेत्रों की सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक आंकड़े संकलित किए जाएंगे.
एक से 30 अगस्त तक चलेगा आंकड़ा संकलन कार्य
प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित प्रपत्रों में पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी चार्जों में एक अगस्त से 30 अगस्त तक आंकड़ा संकलन का कार्य संचालित किया जाएगा. निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा जनगणना संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
समन्वित प्रयास से समय पर पूरा होगा कार्य
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों और कर्मियों के समन्वित प्रयास से जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा. प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










